सिरसा। महेंद्रगढ़ के कनीना में हुए स्कूल बस हादसे के बाद निजी स्कूलों में वाहनों को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में शनिवार को विशेष रूप से आरटीए विभाग की ओर से स्कूल वाहनों की जांच की गई। आरटीए विभाग के समय देने के बाद शनिवार को जिले के विभिन्न स्कूलों की 21 बसें पासिंग के लिए पहुंची। इनमें से 14 बसों ने ही सभी मानक पूरी किए। जबकि 7 बसों में नियमानुसार कुछ कमियां थीं। ऐसे में अधिकारियों ने उन्हें वापस भेज दिया। वहीं रविवार को भी आरटीए विभाग की ओर से स्कूल बसों का सत्यापन कार्य किया जाएगा।
बता दें कि हुडा सेक्टर में निजी स्कूलों के वाहनों का भौतिक सत्यापन का कार्य आरटीए विभाग द्वार किया जा रहा है। शनिवार को भौतिक सत्यापन के लिए सिरसा के अतिरिक्त ऐलनाबाद व डबवाली के निजी स्कूलों के वाहन पासिंग के लिए पहुंचे। पासिंग के दौरान आरटीए अधिकारियों ने बसों में सीसीटीवी कैमरें, अग्निशमन यंत्र, जीपीएस, बस की क्षमता के अनुसार सीटों की संख्या, फर्स्ट एड किट, बसों के मॉडल, ईंजन, वाइपर, स्कूल बस के रूट की प्लेट, टायर आदि की जांच की। 21 स्कूलों में से 14 बसें सभी मानकों पर खरा उतर पाई। उन बसों को मानक पूरा करने पास का प्रमाणपत्र दे दिया गया।
7 बसों में मिली खामियां
1 बस में रूट प्लेट नहीं थी।
2 बस के टायर काफी खराब हो गए थे।
3 बसों में जीपीएस व अग्निशमन यंत्र नहीं लगे हुए थे।
14 साल से पूरी बसें भी चल रही स्कूलों में
आरटीए विभाग के पास पासिंग के लिए पहुंचे वाहनों को देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जांच में एक बस ऐसी मिली जिसके मात्र तीन माह ही बचे हुए थे। अधिकारी ने बस चालक को मुस्कुराते हुए कहा कि आपकी बस के महज तीन महीने बचे हैं, इसके बाद इसे नहीं चलाया जा सकता। चालक ने कहा कि जनाब दो महीने तो चला ही सकते हैं। आगे तो स्कूलों की छुट्टियां हो जानी है, उसके बाद की बस मालिक देखेंगे का क्या करना है।
अभी तक 32 बसें मानक पूरा करने पर पास
जिले में करीब 1200 स्कूली बसें आरटीए कार्यालय में रजिस्टर्ड हैं। इनमें कई बस संचालकों ने शैक्षणिक सत्र पूरा होने से पहले ही अपनी बसों की फिजिकल वेरिफिकेशन करवा ली थी। आरटीए कार्यालय में अब तक 50 बसें फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए आ चुकी हैं, जिसमें से 32 बसें मानक पूरा करने पर पास कर दी गई हैं। रविवार को भी बसों की चेकिंग की जाएगी। ज्ञात रहे कि हादसे के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए लगातार तीन दिन निजी स्कूलों की 200 के करीब बसों के चालान काटे गए थे तथा 13 बसों को जब्त किया गया था।
कोट्स
निजी स्कूलों के वाहनों के भौतिक सत्यापन के लिए शनिवार को हुडा सेक्टर में बुलाया गया था। 21 निजी स्कूलों की बसें मौके पर आई थीं, जिनमें 7 में खामियां मिली हैं। इन बसों को रिजेक्ट करके खामियां दूर करके लाने को कहा गया है। 14 बसें मानकों पर खरी उतरी, उनको पास कर दिया गया है।
-सुरेंद्र कुमार, डीलिंग हेड, आरटीए कार्यालय, सिरसा।