जिला की सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने गश्त व चेकिंग के दौरान बठिंडा चौक मंडी डबवाली क्षेत्र से एक व्यक्ति को छह ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जगजीत उर्फ सरपंच निवासी गांव गुरथली के रुप में हुई है। सीआईए डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर तीन लोगों के खिलाफ थाना शहर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सीआईए डबवाली पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक राजबीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बठिंडा चौक मंडी डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे व्यक्ति ने पुलिस पार्टी को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त व्यक्ति को काबू कर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई।