कालांवाली। उपमंडल कार्यालय कालांवाली में पिछले करीब दो माह से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी कार्य ना होने पर आवेदकों ने प्रशासन व सरकार के प्रति नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया। आवेदकों का कहना है कि प्रशासन द्वारा उनको ड्राइविंग टेस्ट के लिए हुडा सेक्टर-3 में बुला लिया जाता है। लेकिन हर बार वहां पर बुलाने के बाद न तो अधिकारी पहुंचते है और न ही कोई ड्राइविंग टेस्ट होता है। ऐसा पिछले तीन वीरवार से हो रहा है। जिसके चलते उपमंडल के अंतर्गत आने वाले 66 गांवों के लोग परेशान हैं।
आवेदकों हर्षित गर्ग निवासी कालांवाली, हरमनदीप सिंह निवासी रघुआना, मनप्रीत सिंह निवासी धर्मपुरा, लवप्रीत सिंह निवासी गांव मत्तड़, चमकौर सिंह निवासी गांव रोहन, सतीश कुमार निवासी गांव बनवाला ने बताया कि उपमंडल कार्यालय ने लाइसेंस बनवाने के लिए हर वीरवार को ड्राइविंग टेस्ट लेने का दिन सुनिश्चित किया हुआ है। पहले अतिरिक्त अनाज मंडी में ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता था, लेकिन वहां पर गेहूं सीजन के चलते अब हुडा सेक्टर 3 में ड्राइविंग टेस्ट की जगह चयनित की गई है।
हर वीरवार को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाले आवेदकों को वहां पर बुला लिया जाता है। वहां पर उनके लिए न तो बैठने की सुविधा है, न ही पानी आदि का प्रबंध है। वो सुबह 9 बजे से लेकर शाम तक वहां गर्मी में भूखे व प्यासे इंतजार करते रहते हैं। बावजूद इसके वहां पर आवेदकों को बुलाने के बाद न तो अधिकारी पहुंचते है और ना ही कोई ड्राइविंग टेस्ट होता है।
जब वो इस बारे में कर्मचारियों व अधिकारियों से एसडीएम के आने का पूछते है तो उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। कई आवेदकों की ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण की फीस की अंतिम तारीख भी गुजर चुकी है। जिस कारण उन्हें दोबारा फीस भरनी पड़ रही है। उनका कहना है कि सरकार को चाहिए कि यदि एसडीएम गेहूं सीजन व लोकसभा चुनावों में व्यस्त है तो किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की ड्यूटी लगाकर ड्राइविंग टेस्ट लेने की व्यवस्था करवाए।
हमने किसी को वहां नहीं बुलाया है : एसडीएम
किसी आवेदक को ड्राइविंग टेस्ट के लिए नहीं बुलाया है। गेहूं सीजन के कारण अतिरिक्त अनाज मंडी में फिलहाल ड्राइविंग टेस्ट नहीं हो रहे हैं। केवल उन्हीं लोगों के ड्राइविंग टेस्ट लिए जा रहे हैं जिनके ड्राइविंग टेस्ट की अंतिम तारीख है या किसी ने बाहर जाना है। ऐसे लोग भी अस्थायी तौर पर ड्राइविंग टेस्ट के लिए बनाए हुडा सेक्टर 3 में जाने के बजाय पहले कार्यालय में आएं। इसके बाद वो देखेंगे कि उनका ड्राइविंग टेस्ट कहां लिया जाएगा। यदि 20 के करीब आवेदक हो जाते हैं तो ही उनका टेस्ट हुडा सेक्टर 3 में लिया जाएगा।
- सुरेश रविश, एसडीएम कालांवाली