सिरसा। शहर के बाजारों में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों की अब खैर नहीं। नगर परिषद ने व्यापक तरीके से योजना बनाकर काम शुरू कर दिया है। अब नगर परिषद के साथ-साथ यातायात पुलिस भी अभियान में शामिल हो गई है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन शहर में अभियान चलाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों के सामान जब्त कर चालान की चेतावनी भी दी। अभियान चलने से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
नगर परिषद की टीम मुख्य सफाई निरीक्षक राजकुमार और सफाई निरीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में बाजारों में गई। दोपहर बाद शुरू हुए अभियान में यातायात थाना प्रभारी बहादुर सिंह की टीम ने भी अभियान चलाने में साथ दिया। शहर के मुख्य बाजारों में दुकानदारों के द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सामान जब्त कर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।
बाजारों में गई टीम, अब लगातार चलेगा अभियान
नगर परिषद और यातायात पुलिस की टीम ने शहर के आंबेडकर चौक से अभियान शुरू किया। इस दौरान आंबेडकर चौक से परशुराम चौक की ओर टीम ने रुख किया। परशुराम चौक से अभियान चलाते हुए दुकानों के बाहर रखा गया सामान नगर परिषद कर्मियों ने जब्त किया। इसके बाद हिसारिया बाजार, सूरतगढ़िया बाजार, मोहंता मार्केट, सुभाष चौक, सदर बाजार आदि क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाए गए। इससे पहल सोमवार को भी नगर परिषद ने मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद भी अनेक दुकानदारों ने मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही दुकानों के बाहर सामान रख दिया।
अतिक्रमण से बाजार में रहती है जाम की स्थिति
मुख्य बाजार में दुकानों के बाहर रखे सामान से हुए अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति लगी रहती है। बाजार में खरीददारी करने के लिए आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा चौपहिया वाहनों को निकलने का रास्ता नहीं मिलता, जिस कारण बाजार में जाम लगा जाता है तथा लोगों को वहां से निकलने में दिक्कत होती है। नगर परिषद द्वारा बार-बार दुकानदारों से आग्रह करने के बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए हैं। जिस कारण मंगलवार को नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की है।
दुकानदारों को चेतावनी देने के बावजूद भी वह अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे हैं। अभी दुकानों के बाहर रखकर दुकानदारों को चेतावनी दी जा रही है। फिर भी दुकानदार ऐसा करते हैं तो उनके चालान काटकर जुर्माना वसूल किया जाएगा।
- राजकुमार, सीएसआई, नगर परिषद, सिरसा।
अभियान के दौरान अतिक्रमण हटवाते हुए यातायात थाना प्रभारी व नगरपरिषद अधिकारी।- फोटो : Sirsa