संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में हुई बारिश के बाद डेंगू व मलेरिया फैलने के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए विभाग ने 55 टीमों का गठन किया है। यह टीमें शहर की गली गली व गांव-गांव जाकर मलेरिया व डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इतना ही नहीं, टीम ने मलेरिया का लारवा मिलने पर 190 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। शहर के 20 इलाकों को हाई रिस्क में रखा गया है।
टीमों ने मलेरिया की जांच को लेकर 33 हजार स्लाइडों की मांग की है। वर्ष 2023 के आंकड़ों पर गौर करें तो मलेरियां से ज्यादा खतरनाक डेंगू का प्रकोप देखने को मिला था। वर्ष 2023 में डेंगू के 467 मरीज मिले थे, जबकि मलेरिया के 7 केस सामने आए थे। हालांकि इस वर्ष अभी तक मलेरिया और डेंगू के मामले सामने नहीं आए हैं। इसके बावजूद लोगों को जागरूक करने के लिए मेडिकल ऑफिसर, लैब टेक्नीशियन व एमपीएचडब्ल्यू की टीमें मैदान में उतर चुकी हैं। टीमें लोगों के घर-घर जाकर डेंगू व मलेरिया से बचाव को लेकर जागरुकता पोस्टर बांट रही है। इसके साथ ही घरों में लारवा की जांच भी कर रही है।
मलेरिया और डेंगू के मरीजों के लिए जालीदार 60 बेड आरक्षित
स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल, पीएचसी व सीएचसी में मरीजों के लिए प्रबंध किए गए हैं। विभाग ने मलेरिया और डेंगू के मरीजों के लिए विशेष तौर पर जालीदार 60 बेड आरक्षित किए हैं। अगर डेंगू व मलेरिया का कोई मरीज आता भी है, तो तुरंत उसका उपचार किया जाएगा। नागरिक अस्पताल व गांवों में बने सीएचसी व पीएचसी केंद्रों में डेंगू और मलेरिया के मरीजों का निशुल्क जांच व उपचार किया जाएगा। मरीज को स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं दी जाएंगी। मरीजों के घरों में जाकर फॉगिंग की जाएगी।
:::::::::::::::::::::::::
शहर में हाई रिस्की इलाके
डेंगू व मलेरिया के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शहर के 20 इलाकों को हाई रिस्क पर रखा है। इसमें नाथ मोहल्ला, भाट मोहल्ला व जेजे कॉलोनी, शमशाबाद पट्टी, ढाणी तेजा सिंह, सिकलीगर मोहल्ला, चतरगढ़पट्टी, प्रेम नगर, शक्ति नगर, कीर्ति नगर, चंडीगढ़ मोहल्ला, मेला ग्राउंड, सुभाष बस्ती, महावीर कॉलोनी, थेहड़ मोहल्ला, पीर बस्ती, कुचिया मोहल्ला, गोशाला मोहल्ला, संजय कॉलोनी, एकता बस्ती, चांद मारी ढाणी, बाजीगर बस्ती, रेगर मोहल्ला शामिल है।
-
कॉटस
जिले में मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए प्रबंध किए जा रहे हैं। लोगों को भी लगातार जागरूक किया जा रहा है। मलेरिया और डेंगू के मरीजों को लेकर 60 बेडों की व्यवस्था की गई है। -डॉ. महेंद्र भादू, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल सिरसा।