संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जनकल्याण कॉलोनी में घर में हुई 80 हजार रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था और इसी के चलते उसने चोरी की।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि सोमवार को प्रकाश निवासी जनकल्याण कॉलोनी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके घर से अज्ञात लोग 80 हजार रुपये चोरी कर ले गए। जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने आरोपी रामु उर्फ रामदेव को जनकल्याण कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 60 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि युवक नशे करने का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए ही उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वह प्रकाश का पड़ोसी है और घटना के दिन भी उसके घर में उसके दोस्तों के साथ बैठा था। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।