पुलिस के साथ नप ने छेड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान, सामान किया जब्त
नप का अभियान : यातायात पुलिस के साथ फिल्ड में उतरी नप की टीम, सामान किया जब्त
ऑटो मार्केट, कंगनपुर रोड पर दुकानों के बाहर रखा सामान किया जब्त
दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों को दो दिन की चेतावनी दी
सिरसा। शहर की ऑटो मार्केट और कंगनपुर रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद की टीम फिल्ड में उतरी। नप की टीम ने जहां एक ओर सड़क पर रखे सामान को जब्त किया वहीं दूसरी ओर अब दोबारा अतिक्रमण करने पर चालान काटने की भी चेतावनी दी। इसके लिए दो दिन का समय दिया गया है।
शुक्रवार को नगर परिषद की टीम ऑटो मार्केट पहुंची। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप मलिक, मुख्य सफाई निरीक्षक राजकुमार, सफाई निरीक्षक पवन कुमार कंबोज, एक्सईएन अजय पंघाल, यातायात थाना प्रभारी बहादुर सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। नगर परिषद अमले ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर करीब 50 दुकानों के बाहर सड़क पर रखा हुआ सामान जब्त किया। इस दौरान दुकान के बाहर सामान रखने वालों को दो दिन में सामान उठाने की चेतावनी दी है। इसके बाद भी अगर दुकानदारों ने दुकान के बाहर सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया तो उनके चालान काटकर जुर्माना लगाया जाएगा।
--
दो दिन का अल्टीमेटम, चुपचाप देखते रहे दुकानदार
नगर परिषद की टीम ने रेलवे ओवरब्रिज से ऑटो मार्केट व कंगनपुर रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर ट्रक व गाड़ियों को खड़ी कर उनकी मरम्मत करने वाले दुकानदारों को यह वाहन दो दिन में हटाने की चेतावनी नगर परिषद अधिकारियों ने दी। नगर परिषद के कर्मचारियों ने दुकानों के बाहर रखे सामान को उठाकर अपने ट्रैक्टर-ट्राली में डालकर ले गए। इस दौरान दुकानों द्वारा किसी भी तरह का विरोध नहीं किया।
---
बीच सड़क में खड़े रखते हैं ट्रक व गाड़ियां
ऑटो मार्केट व कंगनपुर रोड पर स्थित वर्कशाप के बाहर बीच सड़क पर अनेकों बड़े ट्रक, कार व अन्य वाहनों की मरम्मत की जाती है। इस दौरान यह वाहन कई दिनों तक वहीं खड़ा रहता है, जिस कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। नगर परिषद ने इन वर्कशाप दुकानदारों को अपना सामान बीच सड़क से हटाने और भविष्य में ऐसे वाहनों को सड़क पर खड़ा नहीं कर दुकान में ही खड़ा कर मरम्मत करने के निर्देश दिए गए।
-------------
ऑटो मार्केट व कंगनपुर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त करने की कार्रवाई की है। दुकानदारों को दो दिन का समय दिया गया है। इसके बाद भी अगर दुकानदारों ने दुकान के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया तो उनका चालान काटकर जुर्माना किया जाएगा।
- संदीप मलिक, ईओ नगर परिषद, सिरसा।