रिश्वत लेने मामले में पकड़ा गया पटवारी( मुंह पर रूमाल बांध) व उपस्थित स्टेट विजिलेंस ब्यूरो टीम
सिरसा। स्टेट विजिलेंस टीम ने मकान की तस्दीक कराने के नाम पर 1800 रुपये रिश्वत लेते हुए पटवारी को रंगेहाथ पकड़ा है। टीम ने पटवारी के कब्जे से 1800 रुपये बरामद कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान अनिल पूनिया बरवाला के रूप में हुई है।
सुखचैन कॉलोनी निवासी पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि उसने मकान पर लोन लेने के लिए फाइल लगा रखी थी। फाइल में पटवारी की ओर से तस्दीक की जानी थी और मौके पर जांच कर रिपोर्ट तैयार करनी थी। बुधवार को वह बेगू क्षेत्र के पटवारी अनिल पूनिया से मिलने के लिए पटवार भवन में पहुंचा। जब उसने तस्दीक करवाने संबंधित पटवारी को जानकारी दी, तो पटवारी ने फीस के नाम पर 1800 रुपये की मांग की। ऐसे में उसके आसपास के पूछताछ की, तो उन्होंने इस तरह की कोई भी फीस न लगने की बात कही। ऐसे में उसने मामले की शिकायत विजिलेंस टीम को दी। इसके बाद विजिलेंस टीम ने शिकायतकर्ता मुकेश कुमार को 1800 रुपये देने की बात कह उसे पटवारी के पास भेज दिया। पीड़ित ने तीन 500 रुपये के नोट, एक 200 रुपये का नोट व एक 100 रुपये का नोट पटवारी को दे दी। पटवारी को राशि लिए जाने की सूचना जैसे ही टीम को लगी तो उन्होंने आरोपी को रंगेहाथ काबू कर लिया और अपने साथ ले गई। विजिलेंस टीम की ओर से अब आरोपी पटवारी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कोर्ट में पेश किया जाएगा ।
वर्जन
शिकायतकर्ता की ओर से पटवारी द्वारा रिश्वत लेने की शिकायत दी गई थी। इसके आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपी पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पटवारी की जेब से 1800 रुपये की नकदी बरामद हुई है। - सुखजीत, इंस्पेक्टर, स्टेट विजिलेंस ब्यूरो, सिरसा ।