सिरसा। शहर के नोहरिया बाजार में हुई फायरिंग मामले में छह दिन बाद भी आरोपियों के गिरफ्तारी न होने से रोषित सर्व समाज ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक शहर के मुख्य बाजारों को बंद रखा। डीएसपी साधूराम ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को सुबह सर्व समाज के लोग शहर के रानियां रोड स्थित पटेल चौक पर एकत्रित हुए। इसके बाद सुबह नौ बजे ही पटेल चौक के आसपास खुली दुकानों को बंद कराना शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हिसारिया बाजार, भादरा बाजार, रोड़ी बाजार, सदर बाजार बंद करवाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदारों ने भी दुकान का शटर नीचे गिराकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया। दोपहर एक बजे तक मुख्य बाजारों में दुकानें बद रहीं। हालांकि सर्व समाज ने सोमवार को पुलिस को इस संबंध में चेतावनी दी थी। प्रदर्शन की अध्यक्षता इंद्रोश गुज्जर ने की। इस दौरान कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया भी मौजूद रहे।
बाजार बंद रहने से लोगों को उठानी पड़ी परेशानी
बाजारों में खरीदारी के लिए सुबह 10 बजे से ही ग्राहक पहुंचना शुरू हो जाते है। मंगलवार को बाजार बंद करवाए जाने के कारण ग्राहकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राहक दोपहर एक बजे तक एक जगह से दूसरी जगह पर भटकते रहे। प्रदर्शन के दौरान शहर का हिसारिया बाजार, रोड़ी बाजार, रानियां बाजार, भादरा बाजार, सदर बाजार, मोहंता मार्केट वाली गली, पालिका बाजार सहित अन्य बाजार भी बंद रहे। दोपहर एक बजे के बाद दुकानदारों ने दुकान खोलकर काम करना शुरू कर दिया ।
प्रदर्शनकारी बोले- चिट्टा सप्लाई करने वाले सरेआम घूम रहे बाहर, डीएसपी बोले- जेल भरी पड़ी
प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए पहुंचे डीएसपी साधूराम ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए लगातार टीमें छापा कार्रवाई कर रही है। प्रदर्शनकारी इंद्रोश ने कहा कि नशा सप्लाई करने वाले तो सरेआम बाहर घूम रहे हैं। पुलिस क्या कर रही है। डीएसपी ने जवाब देते हुए कहा कि नशा सप्लाई करने वालों को पकड़कर जेल में डाला जा रहा है, जिससे जेल भरी हुई है। कोर्ट की ओर से उन्हें जमानत दी जाती है। इसमें हम क्या कर सकते हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह था पूरा मामला
25 जनवरी की शाम मोनू अपने दोस्त दीपा के साथ प्रकाश भार्गव के निधन पर शोक जताकर अपने घर आ रहा था। गली मस्जिद वाली से अपने घर रानियां गेट की ओर जाते वक्त अचानक पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान मोनू के पेट में तो दीपा के पैर में गोली लगी। इन्हें सिरसा से नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मोनू का इलाज अभी हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है। 28 जनवरी को पुलिस ने महेंद्र गुज्जर की शिकायत पर अमन खलनायक व उसके दोस्त के खिलाफ हत्या करने का प्रयास, आर्म एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
वर्जन
वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए सीआईए सिरसा, सीआईए डबवाली, शहर थाना सिरसा सहित अन्य टीमों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - साधूराम, डीएसपी, सिरसा।।