नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने के लिए पहुंचे धारक । संवाद
सिरसा। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को दूर करने के लिए नगर परिषद में तीन दिनों तक विशेष शिविर आयोजित किया गया। इसमें 458 प्रॉपर्टी धारकों ने आईडी में त्रुटि होने की शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें से अधिकारियों ने 432 शिकायतों का समाधान किया गया है। शेष 26 शिकायतों का समाधान करने के लिए टीम मौके पर पहुंच जांच करेगी और आईडी में बदलाव करेगी।
सरकार की ओर से 31 जनवरी तक प्रॉपर्टी टैक्स पर लगे ब्याज पर 50 फीसदी छूट दी जा रही है। विशेष छूट के दो दिन ही शेष होने के कारण अब नगर परिषद में टैक्स जमा करवाने के लिए लोगों की कतार लग रही है। रविवार को भी प्रॉपर्टी धारकों का टैक्स भी जमा किया गया है। दिनभर करीब एक लाख रुपये का टैक्स जमा हो हुआ। इन तीन दिनों में आठ लाख रुपये का टैक्स जमा हो चुका है। 31 जनवरी तक विशेष छूट दिए जाने का अवसर होने के चलते काफी लोगों के टैक्स जमा करवाने की उम्मीद है। इससे नगर परिषद के राजस्व को काफी लाभ मिलेगा। वहीं शिविर में नगर परिषद में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रॉपर्टी धारकों की शिकायत को दर्ज किया जाता है। इसके बाद ऑनलाइन साइट पर जांच करने के पश्चात त्रुटियों को दूर किया जाता है। तीन दिनों में 458 शिकायत दर्ज की गई है। जिनमें से 432 शिकायतों का समाधान हो चुका है।
नाम गलत होने और जगह गलत होने की आई है अधिक शिकायतें
प्रॉपर्टी आईडी में सबसे अधिक शिकायतें प्रॉपर्टी धारक का नंबर, नाम और प्लाट नंबर व एरिया गलत होने की है। सर्वे के दौरान एजेंसी की ओर से इस तरह की गलती की गई है। नगर परिषद ने इन त्रुटियों का समाधान करने के लिए यह तीन दिवसीय शिविर लगाया गया है।
रिहायशी एरिया को दिखाया व्यवसाय क्षेत्र, अब मौके पर जाएगी टीम
सर्वे के दौरान एजेंसी कर्मचारियों ने रिहायशी को व्यवसाय क्षेत्र दिखा दिया गया। इसके कारण प्रॉपर्टी धारकों को अधिक टैक्स देने पर मजबूर होना पड़ा है। कई मकानों के ग्राउंड एरिया को रिहायशी तो पहली मंजिल को व्यवसाय क्षेत्र दिखाया गया है। ऐसी विभाग के पास कुल 26 शिकायतें पहुंची है। अब नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेंगी और इसके पश्चात गलती में सुधार किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से एक सप्ताह के अंदर शिकायत का समाधान करवाया जाएगा ।
तीन दिनों में 458 शिकायतें प्रॉपर्टी धारकों की दर्ज की गई है। अतिरिक्त समय लगाकर प्रॉपर्टी धारकों की शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। शेष रही शिकायतों को एक सप्ताह के अंदर ही ठीक कर दिया जाएगा। 31 जनवरी तक प्रॉपर्टी धारक ब्याज में विशेष छूट के साथ टैक्स जमा करवा सकते हैं।
- मनीष सैनी, इंचार्ज, प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच, नगर परिषद सिरसा।