संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। गांव रूपाणा खुर्द में रविवार दोपहर बाद पंचायती जमीन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने गांव की फिरनी पर पूर्व सरपंच के पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक के सिर और शरीर पर तेजधार हथियार से वार किए गए। इससे गांव में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया है। यहां अभी पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने में जुटी है।
मृतक के भाई पालाराम ने बताया कि उन्होंने गांव रूपाणा खुर्द में पंचायत की जमीन को अप्रैल में बोली के दौरान ठेके पर लिया था। इसके बाद वह जोताई का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कारण गांव के महेंद्र और कुलदीप उनसे रंजिश रखे हुए थे। वे उसके साथ कई बार झगड़ा कर चुके हैं। रविवार को उन्होंने नरमे की चुगाई के लिए मजदूरों को लगा रखा था। आरोप है कि महेंद्र और कुलदीप ने काम रुकवा दिया और मजदूरों को धमका कर वापस भेज दिया। मजदूरों ने मामले की जानकारी उन्हें आकर दी। इसके बाद उनका भाई संतलाल, उसका बेटा व पूर्व सरपंच रोहताश, सुभाष, महेंद्र व जयवीर उक्त दोनों से बातचीत करने के लिए घर पर गए। पालाराम ने आरोप लगाया कि महेंद्र और कुलदीप ने अन्य 10 से 12 साथियों के साथ उन सभी पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान पूर्व सरपंच रोहताश के पिता संतलाल के सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें लग गई और वह घायल हो गए। लोगों ने बीच में आकर बचाव किया। घायल को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी जांच कर संतलाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद डीएसपी हेड क्वार्टर जगत सिंह, शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति जानी। देर शाम तक मृतक के परिजनों ने पुलिस को बयान नहीं दिए हैं।
पहले भी हो चुका है विवाद
पंचायती जमीन को ठेके पर लेने को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। हमला करने वाले लोगों ने रोहताश व उसके पिता पर गलत तरीके से जमीन ठेके पर लेने के आरोप लगाए थे। इससे बाद से वह उनसे रंजिश रखे हुए थे।
वर्जन
हत्या होने मामले की सूचना मिली है। अभी मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और शिकायत के अनुसार ही कार्रवाई होगी। - जगत सिंह, डीएसपी, सिरसा।