सिरसा। जेजे कॉलोनी में अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत मिलने पर मौके का मुआयना करने गई नगर परिषद के सुपरवाइजर व कॉलोनी के ही युवकों ने हमला कर दिया। सुपरवाइजर व अन्य सदस्यों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। वहीं पुलिस ने सुपरवाइजर की शिकायत पर जेजे कॉलोनी निवासी अज्ञात 7-8 युवकों पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नगर परिषद के सुपरवाइजर संदीप कुमार ने बताया कि वार्ड 27 में स्थित गुरु तेग बहादुर नगर निवासी मुख्तयार सिंह ने नगर परिषद में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि पूर्ण सिंह और मनधीर सिंह धीरा ने उसके मकान पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने व जान से मारने की धमकी देने की बात कही थी। उक्त शिकायत का मौका निरीक्षण करने के लिए बुधवार को नगर परिषद के सुपरवाइजर संदीप कुमार को मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर जब संदीप कुमार ने उक्त निर्माण के बारे में पूछताछ की और वहां का फोटो लिया तो 7-8 नामालूम लोगों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौच, अभद्रता तथा जान से मारने की धमकी दी। उक्त कर्मचारी ने भाग कर अपना पीछा छुड़वाया। इस मामले की जांच जेजे कॉलोनी चौकी पुलिस कर रही है। आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।