सिरसा। रानियां क्षेत्र के गांव अमृतसर खुर्द में पराली की गांठों से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दी शिकायत में रघबीर सिंह पुत्र सुरता सिहं निवासी अमृतसर खुर्द ने बताया कि बीते रविवार शाम को वह और उसका भाई निर्मल सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर हिम्मतपुर थेहड़ी से अपने गांव अमृतसर खुर्द आ रहे थे। मोटरसाइकिल उसका भाई निर्मल सिंह चला रहा था। जब वे ऐलनाबाद रोड से आईटीआई कॉलेज जीवन नगर पहुंचे तो पराली की गांठों से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे वह रोड पर गिर गए। जिसमें उसका भाई निर्मल बेहोश हो गया और उसके सिर पर चोट आई।
उसने मामले की जानकारी परिजनों को दी और वाहन के माध्यम से वह नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भाई को लेकर पहुंचे। यहां पर चिकित्सक ने निर्मल सिंह की जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सड़क हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।