सिरसा। हरियाणा के श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से आपसी सहयोग से निपटेंगे। जिन नागरिकों का नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई सरकार करेगी। नागरिकों को खाने-पीने और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
राज्यमंत्री अनूप धानक ने शुक्रवार को जिले के एक दर्जन बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा किया और नागरिकों से मुलाकात की। उन्होंने फरवाई, पनिहारी, रंगा, मत्तड़, नागोकी, मुसाहिबवाला, मल्लेवाला, सहारणी, खैरेकां, बनसुधार व चामल में पहुंच कर ग्रामीणों की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस दौरान जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने गांव मुसाहिबवाला में डीजल के लिए एक लाख रुपये दिए। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से लोगों के साथ है और हरियाणा सरकार ने प्रदेश के 12 जिलों को बाढ़ग्रस्त घोषित किया है। इनमें सिरसा, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पहले से ही तैयारी कर ली थी और गांव के तटबंध मजबूत किए गए, जिसके कारण आबादी बची हुई है। इस दौरान जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह, हरि सिंह भारी, अशोक वर्मा, रणदीप सिंह मट्टदादू मौजूद रहे।
किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी
राज्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से प्रशासन द्वारा नागरिकों को खाने, पीने और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही है। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जा रही है। जो लोग ढाणियों में थे उन्हें सुरक्षित निकाला गया है। उन्हें सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान करवाई जाएंगी।
नागरिक घबराएं नहीं, धैर्य रखें : दिग्विजय चौटाला
जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि संकट के इस समय में नागरिक धैर्य रखें और घबराए नहीं, सरकार और प्रशासन उनके साथ है। राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीमों के साथ प्रशासनिक टीमें भी तत्परता से काम कर रही हैं। ग्रामीणों के हौसले से सिरसा में स्थिति नियंत्रण में है। नागरिकों को सुरक्षित रखना प्राथमिकता है। इसके साथ-साथ बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर ग्रामीणों व जरूरतमंद लोगों की मांग पर जिला प्रशासन द्वारा वालंटियर के माध्यम से फूड पैकेट भी मौके पर भिजवाए जा रहे हैं। ये फूड पैकेट तैयार करने में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं जिला प्रशासन का सहयोग कर रही हैं।