मेडिकल स्टोर में दस्तावेज की जांच करते जिला औषधि विभाग के अधिकारी
कालांवाली। गांव देसूमलकाना में वाहेगुरू मेडिकल हाल से प्रतिबंधित दवाइयां मिलने पर जिला औषधि विभाग के अधिकारी सुनील कुमार ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। जिला औषधि अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि कालांवाली थाना प्रभारी रामफल ने सूचना देकर वाहेगुरु मेडिकल हाल पर निरीक्षण के लिए बुलाया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें मेडिकल स्टोर में 10 डिब्बों में करीब 3 हजार प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुईं।
मेडिकल स्टोर संचालक दवाइयों का बिल नहीं पेश कर पाया। इस पर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि नशे को लेकर सरकार व प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। विभाग की तरफ से गांव व शहर में नियमित रूप से मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की जा रही है। नशा बेचने वाले किसी भी मेडिकल स्टोर को चलने नहीं दिया जाएगा। उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।