फोटो - 48
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। जिला औषधि अधिकारी केशव वशिष्ठ ने बुधवार को पुलिस के सहयोग से पंजाब बस स्टैंड के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां बरामद होने पर मेडिकल को सील कर दिया गया। डीसीओ केशव वशिष्ठ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि उक्त मेडिकल स्टोर पर नशे की दवाइयों की बिक्री हो रही है। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी सुनील सोढ़ी और चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार के साथ मिलकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेडिकल में न तो फार्मासिस्ट मौजूद था और न ही कोई खरीद-बिक्री का रिकार्ड रखा गया था। थाना प्रभारी सुनील सोढ़ी ने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अगर किसी मेडिकल स्टोर पर नशे की दवा बिकती हो, तो इसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।