चोपटा। गांव रंधावा में शरारती तत्वों द्वारा महाराणा प्रताप की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी चोपटा पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद चोपटा थाना प्रभारी रामकुमार व तहसीलदार मंजीत मलिक मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने शरारती तत्वों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग को लेकर गांव में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक गांव रंधावा में चार साल पहले पंचायत क्लब द्वारा महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई थी। सोमवार देर रात शरारती तत्वों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा को खंडित कर दिया। जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रतिमा को खंडित करने वाले शरारती तत्वों को शीघ्र पकड़ने की मांग को लेकर गांव में ही धरना-प्रर्दशन शुरू कर दिया।
धार्मिक भावना को पहुंची ठेस
प्रतिमा खंडित करने की सूचना पर सरपंच सुभाष सिंह व पूर्व सरपंच सुभाष भाटी ने बताया कि गांव में किसी शरारती तत्व ने सोच समझकर गांव में जातिवाद फैलाने के लिए महाराणा प्रताप की प्रतिमा को खंडित किया है। इससे समुदाय की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए गांव में शांतिपूर्वक धरना दिया हैं। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर सरपंच सुभाष सिंह निर्बाण, पूर्व सरपंच हनुमान सिंह, पूर्व सरपंच सुभाष भाटी, काशी राम, सुरेंद्र सिंह सूबेदार, प्रताप सिंह भाटी, सवाई सिंह नंबरदार, छज्जू सिहं नंबरदार, राय सिंह जाखड़, युवा क्लब प्रधान प्रवीण सिंह व प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।
गांव के सरपंच व युवा क्लब के प्रधान ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा खंडित करने के मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। मौके का मुआयना कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
-रामकुमार, थाना प्रभारी, नाथूसरी चोपटा।