क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका के बुलाने पर ढाणी में मिलने गए युवक को प्रेमिका के पिता ने हमलाकर घायल कर दिया। युवक को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस को दिए बयानों में परमजीत सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। गांव की ही युवती से उसका करीब छह माह से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। 29 मार्च की सुबह युवती ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया था, जिस पर वह चला गया। इस दौरान युवती के पिता ने उसे देख लिया और लोहे की रॉड से उसके पैर पर हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। इसके बाद युवती का पिता उसे उठाकर ले गया। इसके बाद उसके हाथों व सिर पर रॉड से कई वार किए, जिससे उसे काफी चोट आई। इसके बाद किसी ने उसके पिता को मारपीट के बारे में सूचित किया, जिसके बाद उसके पिता ने आकर उसे अस्पताल में पहुंचाया। जांच अधिकारी एसआई रणधीर सिंह ने बताया कि घायल की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपी को काबू कर कार्रवाई की जाएगी।