ऐलनाबाद (सिरसा)। बहन को फाेन करने का आरोप लगाकर कई युवकों ने गांव बेहरवाला खुर्द के युवक को अगवा कर ढाणी में ले जाकर उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। पीड़ित का आरोप है कि उक्त युवकों ने उसे जातिसूचक गालियां दी और पानी मांगने पर पेशाब पिलाने व जाने से मारने की धमकी दी है। इस मामले की पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे व उसके परिवार को गांव छोड़ने की चेतावनी दी है।
पुलिस में दी शिकायत में जसवंत ने बताया कि एक जुलाई को वह घर पर था। शाम करीब 5 बजे उसके दोस्त सुरेंद्र ने फोन कर उसे जरूरी काम की बात कहकर सरकारी स्कूल में बुला लिया। करीब छह बजे जब वह सरकारी स्कूल के आगे पहुंचा तो वहां पर वेद प्रकाश, पवन, मोहर सिंह, अजय, सुरजीत लाठी-डंडे लिए खड़े थे। वेद प्रकाश ने उसे पकड़ लिया और सभी ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। कारण पूछा तो एक युवक ने उस पर उसकी बहन को मैसेज करने व फोन करने के आरोप लगाए। आरोप है कि अजय भाकर, वेद भाकर ने उसे अपने मोटरसाइकिल से बांध कर एक ढाणी में ले गए और कमरे में उसे बंद कर हाथ पांव बांध दिए। इसके कुछ समय बाद 15 से 20 व्यक्ति आ गए और एक घंटे तक पीटते रहे, जिसके कारण वह बेहोश हो गया। करीब दो घंटे बाद उसके माता-पिता उसकी तलाश करते हुए वहां पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया। उक्त लोगों ने उसे व उसके परिवार को गांव और पढ़ाई छोड़ने की चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर इसके बाद गांव में दिखाई दे गए तो उसे जाने से मार देंगे।
पीड़ित बोला- लड़की खुद करती थी फोन, नहीं था कोई झगड़ा
घायल का इलाज अभी सिरसा के नागरिक अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित जसवंत ने बताया कि उक्त युवक की बहन ही उसको फोन करती थी। उनका आपस में कोई भी झगड़ा नहीं था।