सिरसा। सर्दियों के अवकाश के बाद शिक्षा विभाग राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा देने के लिए नई योजना शुरू करने जा रहा है। इसके तहत खंड ऐलनाबाद को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। प्रोजेक्ट के तहत 3596 विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों को घर से स्कूल और स्कूल से घर ले जाने के लिए परिवहन की सुविधा मिलेगी।
राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने परिवहन सुरक्षा योजना की शुरुआत की है। ऐलनाबाद का पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है तो बाकी खंडों में इस योजना को शुरू किया जाएगा। यह सुविधा शिक्षा विभाग परिवहन सुरक्षा योजना के तहत कक्षा पहली से लेकर बारहवीं तक के पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी। जिसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से बजट जारी किया जाएगा।
खंड ऐलनाबाद के 3596 विद्यार्थियों को मिलेगा योजना का लाभ
जिले के खंड ऐलनाबाद के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना में पहली से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों को लिया गया है। खंड में कुल 62 राजकीय स्कूल प्राइमरी हैं। इनमें से 30 स्कूलों को योजना का लाभ मिलेगा। इस दौरान प्राइमरी के कुल 713 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। वहीं कक्षा छठी से लेकर आठवीं तक के कुल 35 स्कूल हैं। जिसमें से 24 स्कूलों के 1165 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। वहीं खंड में कक्षा नौंवी से लेकर बारहवीं तक कुल 22 स्कूल हैं, जिसमें से 18 राजकीय स्कूलों के 1718 विद्यार्थियों का चयन योजना के लिए किया गया है।
शीतकालीन अवकाश के बाद मिलेगा लाभ
परिवहन सुरक्षा योजना के तहत विद्यार्थियों को योजना का लाभ शीतकालीन अवकाश के बाद मिलेगी। निदेशालय की ओर से 31 दिसंबर तक विद्यार्थियों का डाटा मांगा गया था। जिसके तहत जो विद्यार्थी विद्यालय में 1 किलोमीटर दूर से आते है, खंड के सभी राजकीय स्कूलों द्वारा डाटा विभाग भेज दिया गया है। खंड के 119 स्कूलों के विद्यार्थियों को शीतकालीन अवकाश के बाद इस सुविधा का लाभ मिलेगा। ज्यादा विद्यार्थियों वाले स्कूलों में निजी बसें लगाई जाएंगी। वहीं जिसमें कम विद्यार्थी है उनमें रिक्शा या फिर अन्य वाहन लगाए जाएंगे।
विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा साइकिल योजना का लाभ
परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को साइकिल योजन का लाभ नहीं मिलेगा। शिक्षा विभाग की ओर से हर साल अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल दी जाती है। हर साल साइकिल मेले के दौरान इन विद्यार्थियों का लाभ दिया जाता है। अगर कोई विद्यार्थी परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ मिलता है तो उसे साइकिल योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। दोनों में से एक ही योजना का लाभ विद्यार्थी ले सकते हैं।
इस प्रकार है योजना का उद्देश्य
परिवहन सुरक्षा योजना का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित और निशुल्क सुलभ, समुचित यातायात उपलब्ध कराते हुए विज्ञान प्रौद्योगिकी , इंजीनियरिंग और गणित जैसे विषयों में रुचि और सहभागिता को बढ़ाना है। साथ ही सुरक्षित और निशुल्क सुलभ यातायात सुविधा उपलब्ध करवाना है। वहीं दिव्यांग छात्राओं को समता और समानता का वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा बेटी पढ़ाओ के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना भी योजना का उद्देश्य है।
शिक्षा विभाग की ओर से परिवहन सुरक्षा योजना की शुरूआत की गई है। इस दौरान ऐलनाबाद खंड को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लिया गया है। इस खंड के कुल 3,596 विद्यार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
-अमित मनहर, नोडल अधिकारी योजना सिरसा।