गांव अमृतसर खुर्द में विरोध कर रहे ग्रामीण को बस में चढ़ाते पुलिस कर्मी। स्रोत : संवाद
ऐलनाबाद (सिरसा)। अदालत के आदेश पर गांव अमृतसर खुर्द में गांव के जोहड़ की पाइप लाइन को घग्गर नदी की पाइप लाइन से जोड़ दिया गया। इस दौरान कई ग्रामीणों ने विरोध किया तो पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया।
बता दें कि गांव अमृतसर खुर्द में जोहड़ से पानी निकासी के लिए पाइप लाइन जो कि घग्गर नदी से खेतों के सिंचाई के लिए आने वाली पाइप लाइन से जोड़ना था। इस पर अमृतसर खुर्द निवासी मिल्खा सिंह ने अदालत से स्टे लिया हुआ था। इस गांव के ग्राम सचिव अशोक कुमार ने अदालत में याचिका लगाकर इस स्टे को वापस करवा दिया। अदालत ने पाइप लाइन को घग्गर नदी से जोड़ने के आदेश दिए थे। वीरवार को ग्राम सचिव ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट ऋषि कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी ऐलनाबाद की मौजूदगी में पुलिस फोर्स को साथ लेकर घग्गर नदी से आने वाली पाइप लाइन के साथ जोड़ दिया गया है। इस दौरान मिल्खा सिंह, गुरसेवक सिंह , मेघ सिंह, निवासी अमृतसर खुर्द व 2-3 अन्य व्यक्ति आए और विरोध करने लगे। पुलिस फोर्स ने विरोध कर रहे कुछ ग्रामीणों को हिरासत में ले कर थाना ऐलनाबाद में ले आए। उसके पश्चात पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य पूरा किया गया।