सिरसा। जिले में सोमवार शाम बारिश हुई। शहर में हालांकि फुहारें गिरीं, लेकिन कालांवाली क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है। कम बारिश की वजह से सिरसा शहर में एक बार फिर उमस भरा माहौल बन गया। हालांकि कालांवाली क्षेत्र में तीन मिमी बारिश होने के कारण यहां पर मौसम ठीक रहा और किसानों के चेहरों पर भी रौनक छाई रही।
सिरसा में सोमवार सुबह से तेज धूप थी। लोग गर्मी से परेशान थे लेकिन बादल छाने पर शाम को मौसम में कुछ बदलाव आया और मात्र दो मिनट तक बारिश हुई। इससे शहर की सड़कें गीली जरूर हुईं, लेकिन मौसम उमस भरा हो गया। इससे लोगों के फिर से पसीने छूटने लगे।
वहीं, कालांवाली में हुई अच्छी बारिश तीन मिमी तक दर्ज की गई। कालांवाली समेत नगर के आसपास के क्षेत्र के लोगों को गर्मी से राहत मिली। किसानों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी। इस बार जिले में मानसून बेहद फीका रहा है। दो या तीन बार ही अच्छी बारिश हुई है। इस कारण लोगों को इस बार उमस भरी गर्मी से ही परेशानी झेलनी पड़ी है। सिरसा में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार और वीरवार को भी बारिश की संभावना है। इसका लोगों को बेसब्री से इंतजार है।