डबवाली में उपप्रधान के चुनाव में जीत हासिल होने के बाद खुशी जाहिर करते सदस्य ।
- फोटो : Sirsa
डबवाली। नगर परिषद उपप्रधान के चुनाव में इनेलो प्रत्याशी अमनदीप ने जजपा प्रत्याशी छिंदे को तीन वोट से हरा जीत हासिल की है। वहीं चुनाव प्रक्रिया में इनेलो प्रत्याशी अमनदीप को 10, जेजेपी प्रत्याशी सुनील छिंदे को 7 व कांग्रेस की प्रत्याशी मधु बागड़ी को पांच वोट मिले।
शुक्रवार के नगर परिषद डबवाली के उपप्रधान के दोपहर बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 21 पार्षदों सहित चेयरमैन ने मतदान में भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए कन्वीनर एसडीएम राजेश पूनिया ने चुनाव को लेकर 3.30 बजे नामांकन प्रक्रिया का दौर, 4.10 पर नामांकन का समय निर्धारित, 4.20 पर नामांकन पत्रों छंटनी का कार्य वह 4.40 पर नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। हालांकि इसके लिए पहले सर्वसम्मति से चुनाव करने का समय दिया गया। लेकिन सहमति नहीं हो पाई तो 4.45 पर चुनाव चिन्ह आवंटित कर मतदान शुरू करवाया गया ।
उप प्रधान के चुनाव के लिए सुबह से ही अलग-अलग पार्टियों के नुमाइंदों ने अपनी पार्टी के उप प्रधान बनाने के लिए जद्दोजहद शुरू की। दोपहर तक राजनीतिक गलियारों की ओर से अपनी-अपनी पार्टी के उप प्रधान बनाने के दावे किए जा रहे थे। दोपहर तक बैठकों का दौर निरंतर जारी रहा। सभी पार्टियां गठजोड़ करने में लगी रही। जिसको लेकर कांग्रेस के 8 पार्षद होने के बावजूद भी उप प्रधान बना पाना उनके लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इसके साथ ही जजपा के पास 6 पार्षद, बीजेपी के पास तीन पार्षद होने के बावजूद भी गठबंधन का उप प्रधान बनने के आसार नजर नहीं आ रहे थे। इसी बीच इनेलो भी पद पर अपना दावा जता रही थी। चुनाव के बाद मतों की गणना की गई तो इनेलो के अमनदीप को 10 पार्षदों का समर्थन मिला। वहीं जजपा प्रत्याशी को 7 व कांग्रेस को केवल 5 ही पार्षदों का समर्थन मिल पाया।
बता दें कि उप प्रधान को लेकर पहले 3 अगस्त को चुनाव करवाने के लिए हाउस की बैठक निर्धारित की गई थी परंतु प्रशासनिक स्तर पर तैयारी न होने के कारण चुनाव को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया था। इसके उपरांत 6 अगस्त को चुनाव करवाए जाने थे परंतु कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव को टाल दिया गया। इसी को लेकर अगस्त को हाउस की उप प्रधान के चुनाव को लेकर बैठक निर्धारित की गई।