धरना प्रदर्शन में प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसान।
डबवाली। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले चौटाला रोड स्थित तहसील कार्यालय के सामने वीरवार को किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसान तीन वर्षों का बकाया 27 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम की मांग कर रहे हैं। धरने की पूर्व सूचना मिलने पर एसडीएम कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बेरिकेड लगाकर किसानों को तहसील कार्यालय के गेट से रोक दिया गया। यहां किसानों ने दरी बिछाकर अपना धरना शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
हरियाणा किसान एकता यूनियन के किसान नेता मिठ्ठू कंबोज व एसपी सिंह मसीतां, उगराहां ग्रुप के भोला सिंह ने बताया कि वर्ष 2020, 2021 व 2022 बीमा क्लेम का करीब 27 करोड़ रूपये बकाया है। बकाया क्लेम की मांग को लेकर इससे पहले कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं और एसडीएम डबवाली को मांग सौंप चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके खातों में बीमा मुआवजा की बकाया राशि नहीं डाली गई है। उन्होंने मांग की कि डबवाली में बासमती धान की खरीद व बीटी-3 नरमे के बीज को स्वीकृति प्रदान की जाए। इस मौके ओढां से पहुंचे कौर सिंह कुंडर, बलबीर सिंह चट्ठा, भोला सिंह चोरमार खेड़ा, आप से कुलदीप सिंह गदराना, खुशदीप सिंह सरां एडवोकेट सहित आसपास के गांवों के किसान मौजूद थे।
कार्यालय के बाहर धरने के लिए जगह करवाएं उपलब्ध
मिठ्ठू कंबोज ने बताया कि एसडीएम डबवाली अभय सिंह के साथ बातचीत हुई है, लेकिन उन्होंने कहा कि धरने के लिए कार्यालय परिसर में जगह देना मुनासिफ नहीं है। इस पर उन्होंने कहा है कि गेट के बाहर मिट्टी डालकर किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था करवा दी जाएगी। किसानों ने मांग की कि बाहर मुख्य द्वार के पास मिट्टी डलवाई जाए, बिजली पानी की व्यवस्था के साथ एमरजेंसी की स्थिति में फस्ट एड के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं। किसान सुबह 10 बजे से लेकर अपराह्न 4 बजे तक धरना प्रदर्शन करेंगे। जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक किसानों का पक्का धरना निरंतर जारी रहेगा।