ओढां। गांव नुहियांवाली में पहुंचे बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह की मौजूदगी में भाजपा की जिला सचिव से अभद्र व्यवहार करने का मामला आया है। शिकायत के आधार पर ओढां पुलिस ने 2 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव में लालचंद व पांडूराम के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इसमें दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में गांव के मौजिज लोगों ने पांडूराम के पक्ष में लालचंद को राजीनामे के लिए काफी बार कहा, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। लालचंद मंत्री रणजीत सिंह का समर्थक हैं। रविवार को बिजली मंत्री रणजीत सिंह गांव में एक शादी समारोह में शिरकत करने आए थे। इससे पहले वे चौपाल में लोगों के बीच पहुंचे। यहां पांडूराम पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। इसी दौरान लालचंद ने मंत्री के साथ आईं भाजपा की जिला सचिव मीरां गोदारा का नाम लिए बगैर पार्टी के लिए अपशब्द कहे तो जिला सचिव ने उससे अपनी जुबान पर लगाम लगाने का कहा। इसके बाद रणजीत सिंह ने जिला सचिव को शांत रहने का इशारा किया। इसके बाद चौधरी रणजीत सिंह जब शादी में लड़की को आशीर्वाद देने के लिए उनके घर गए, तो पीछे से इस मुद्दे को लेकर खूब हंगामा हुआ। भाजपा जिला सचिव मीरां गोदारा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पांडूराम के मामले को लेकर उनके कहने पर दोनों पक्षों का राजीनामा करवाने के लिए आई थी, लेकिन लालचंद ने चौपाल में सभी के सामने उसका नाम लिए बगैर पार्टी के लिए अपशब्द कहे। इससे उसका अपमान हुआ है। इस मामले में लालचंद का भाई मदन लाल भी शामिल था। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने लालचंद व उसके भाई मदन लाल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। गौरतलब हो कि लालचंद ने इससे पहले भी गांव नुहियांवाली में जांच के सिलसिले मेें आई डबवाली महिला थाना प्रभारी कमलेश रानी के साथ गाली-गजौज व अभद्र व्यवहार किया गया था, जिस पर पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया था।