पंजाब बोर्डर पर लगाये नाका पर जायजा लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण।
सिरसा। हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर जिला सिरसा पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई है । एसपी विक्रांत भूषण ने बॉर्डर पर स्थापित किए गए मुसाहिब वाला नाके का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने नाके पर मौजूद पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को ड्यूटी के दौरान विशेष सावधानी तथा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए तथा नाके से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन तथा व्यक्ति को बारीकी से चेक करने तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर कड़ी निगाह रखने को कहा।
एसपी ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर जिला पुलिस द्वारा जहां जिले के अंदर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, वहीं जिला के साथ लगती राजस्थान व पंजाब की सीमा पर भी पुलिस ने पूरी तरह से चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर साथ लगते राजस्थान के हनुमानगढ़ तथा पंजाब के मानसा व बठिंडा जिला के पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार बेहतर समन्वय स्थापित कर सांझा रणनीति तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिस की ओर से विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष व स्वतंत्र रूप से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा राजस्थान तथा पंजाब सीमा पर स्थापित किए गए नियमित नाकों के अलावा राजस्थान व पंजाब पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त नाकाबंदी भी की गई है। उन्होंने बताया कि जिला में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति व वाहन को बारीकी से चैक किया जा रहा है तथा संदिग्ध किस्म के लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि समय-समय पर जिला के साथ लगती राजस्थान व पंजाब बॉर्डर पर स्थापित नाकों तथा चुनाव के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों की रणनीति तैयार कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राजस्थान व पंजाब सीमा के साथ लगते जिला पुलिस के ऐलनाबाद, रानियां तथा नाथूसरी चौपटा, रोड़ी, डिंग तथा सदर थाना सिरसा के सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर चुनाव के दौरान पूरी सतर्कता व चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।