संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। 13 जुलाई 2023 को सिरसा में बाढ़ आई। 12 दिनों तक घग्गर का रोद्र रूप जिले के 15 गांवों में देखने को मिला था। ऐसे में बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने सोमवार को पंचायत भवन में बैठक की। इस बैठक में घग्गर तटबंध की स्थिति, नदी व नालों की सफाई की स्थिति को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में संवेदनशील बनने, तैराकी सीखने, डूबते व्यक्ति को बचाने, बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर ही बात की गई।
15 से ज्यादा विभागों के अधिकारी 40 मिनट तक उपायुक्त का भाषण सुनकर वापस चले गए। किसी ने अपने स्तर पर की गई तैयारियों की कोई स्थिति बैठक में नहीं रखी। सोमवार को सुबह साढ़े 11 बजे शुरू होने वाली बैठक दोपहर 12 बजे शुरू हुई। बैठक में आते ही उपायुक्त आरके सिंह ने माइक संभाल लिया। गर्दन में दर्द होने के कारण उन्होंने पहले ही मुख्य बिंदुओं पर बात करने की बात कही।
उपायुक्त ने कहा कि बाढ़ को किए गए कार्यों की निगरानी मुख्यमंत्री सेल के द्वारा की जा रही है। मंत्री भी इसको लेकर निरंतर अपडेट लेते रहते हैं। बाढ़ प्रबंधों को लेकर मैंने भी कई निरीक्षण किए हैं। सभी अधिकारी अपने अपने एरिया में निरंतर निरीक्षण करें। अहम बात यह है कि बाढ़ को लेकर हम कितने संवेदनशील है। जब आप किसी चीज के प्रति संवेदनशील नहीं होंगे, तब तक बाढ़ के प्रबंधों को लेकर आप गंभीर नहीं हो सकते है।
डीएमईओ से बाढ़ प्रबंध के बारे में पूछा तो बोले- सर, एक्सईएन देखते हैं
उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को कहा कि घग्गर का बड़ा नक्शा बनवाएं। इसमें संवेदनशील गांवों को मार्क करें। नक्शा लघु सचिवालय परिसर और ग्रामीणों स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि डीडीपीओ, बीडीपीओ गांव में लोगों को बाढ़ से राहत बचाव और सुरक्षा के बारे बताएं। डीईओ संवेदनशील गांवों के स्कूलों के बच्चों को जागरूक करें। उपायुक्त डीएमईओ से पूछा आप बताइए बाढ़ प्रबंधों को लेकर आप क्या करेंगे। डीएमईओ सर, एक्सईएन देखते हैं। उपायुक्त ने कहा कि आप गांव की छोटी सड़कों का कार्य नहीं देखते है क्या। आज बाढ़ संभावित क्षेत्र में बिजली मंत्री की विजिट है। डीएमईओ मुझे कोई जानकारी नहीं है।
डीएसओ से कहा- कल से ही अधिकारियों को तैरना सिखाएं
उपायुक्त ने कहा कि आप सभी को पता होना चाहिए कि बाढ़ में आपकी भूमिका क्या है। आपको पता होना चाहिए कि आपका क्षेत्र किस ब्लॉक, तहसील, थाने और चौकी में आता है। आप गांव गांव जाकर एक्टिव युवाओं का चयन करें। उन्हें बताए कि वह लोगों को डूबने से कैसे बचाएंगे। उन्होंने डीएसओ को कहा कि सभी अधिकारियों को मंगलवार से तैरना सिखाएं। सिरसा क्लब के स्वीमिंग पुल के नियमित रूप से यह कार्य करें। इस दौरान एक अधिकारी भजन लाल नाम ने कहा कि उन्हें पानी से डर लगता है। उपायुक्त ने कहा कि एक -एक हजार की पांच दिहाड़ी लगेगी, डर निकल जाएगा। इसके बाद नहर में डूबने वाले व्यक्ति के शरीर से कैसे पानी निकलना है कि इसकी जानकारी चिकित्सक गौरव भटी ने प्रैक्टिकल कर सभी को समझाया।
बॉक्स
यह जानना जरूरी है
घग्गर की सिरसा में कुल लंबाई - 75 किलोमीटर
सिंचाई विभाग के अधीन - 65 किलोमीटर
पंचायत विभाग के अधीन - 10 किलोमीटर
सुरक्षित पानी की स्थिति - 20 हजार क्यूसेक
बाढ़ का खतरा रहा है - जुलाई से सितंबर
कारण - मानसून का आना और वापस जाना
जलस्तर चढ़ता है - 10 से 12 दिन
घग्गर से प्रभावित 86 गांव संवेदनशील
एक्सईएन हुड्डा ने बताया कि बाढ़ के तहत 86 गांव संवेदनशील की श्रेणी में आते हैं। घग्गर से मुख्य रूप से मुसाईवाला, बुर्ज कर्मगढ़, सहारणी आदि 50 के करीब गांव प्रभावित होते हैं। सिरसा शहर के रंगाई खरीफ चैनल भी है, जिससे 36 के करीब गांव प्रभावित होते हैं। ऐसे में कुल 86 गांव है जो घग्गर से प्रभावित होते हैं। आंकड़ों के अनुसार 1988 के बाद पिछले साल जुलाई 2023 में ही बाढ़ आई थी।