संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के नेशनल कॉलेज में एक प्राध्यापक पर छात्राओं से छेड़छाड़, फोन व मैसेज करने के आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस व मुख्यालय में सूचना भेजी। पुलिस ने आरोपी प्राध्यापक को हिरासत में ले लिया और अपने साथ थाने में ले गई। पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि आरोपी प्राध्यापक पर पहले भी महेंद्रगढ़ में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के दो मामले दर्ज हैं।
शनिवार को पीड़ित छात्रा का परिवार कॉलेज पहुंचा और छात्रों के साथ मिलकर हंगामा कर दिया। कॉलेज के सभी विद्यार्थी प्रिंसिपल कार्यालय के बाहर एकत्र हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू की। इस दौरान छात्रों ने शिक्षक को बाहर निकालने की मांग की। मामले की शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रिंसिपल ने सिविल लाइन थाना पुलिस को मौके पर बुला लिया। कॉलेज प्रशासन की ओर से शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस आरोपी प्राध्यापक को अपने साथ थाने में ले गई। रात करीब आठ बजे तक पुलिस की ओर से आरोपी शिक्षक पर मामला दर्ज किए जाने को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
कॉलेज की चार छात्राओं ने आठ दिन पहले प्रिंसिपल को दी थी शिकायत
कॉलेज की चार छात्राओं ने प्राध्यापक के खिलाफ कॉलेज प्रिसिंपल को करीब आठ दिन पहले शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने प्राध्यापक पर मैसेज करने, फोन करने, नौकरी लगवाने और गाड़ी में घुमाने का लालच देकर अकेले में मिलने सहित कई अन्य आरोप लगाए थे। कॉलेज प्रशासन से मामले की शिकायत सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी को भेजी और मामले की जांच करने के आदेश दिए। कमेटी की जांच में प्राध्यापक आरोपी पाया गया। इस पर प्राध्यापक ने कमेटी के सदस्यों पर गलत कार्रवाई के आरोप लगा दिए थे। शनिवार को एक अन्य छात्रा भी मामले की शिकायत लेकर परिवार के सहित कॉलेज में पहुंच गई। इसके बाद कॉलेज ने आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस को मामले की शिकायत दे दी।
दो माह पहले ही महेंद्रगढ़ से डेपुटेशन पर आया था प्राध्यापक
आरोपी प्राध्यापक बीती 27 फरवरी को ही महेंद्रगढ़ कॉलेज से डेपुटेशन पर सिरसा के नेशनल कॉलेज में आया था। वहां पर भी शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ करने व छात्राओं को परेशान करने के आरोप थे। इसके खिलाफ दो मामले भी दर्ज हैं। इसके बाद प्राध्यापक ने कॉलेज में भी छात्राओं से छेड़छाड़ करने व उन्हें नौकरी दिलवाने का झांसा देकर उन्हें प्रताड़ित कर रहा था।
कॉलेज प्राध्यापक के खिलाफ मामले की शिकायत पुलिस को व मुख्यालय को भेज दी गई है। कॉलेज की चार छात्राओं ने प्राध्यापक पर फोन करने, मैसेज करने सहित अन्य कई प्रकार के आरोप लगाए थे। पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है। एक छात्रा का परिवार भी मामले की शिकायत लेकर आया था।
-डॉ. संदीप गोयल, प्रिंसिपल, नेशनल कॉलेज सिरसा ।
कॉलेज की तरफ से मामले की शिकायत आई है। कॉलेज की छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अभी प्रोटेक्शन के तौर पर आरोपी को साथ लेकर आए हैं।
-अवतार सिंह, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सिरसा ।