सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में बुधवार को डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला कड़ी सुरक्षा के बीच पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा देने पहुंचे। उस दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को विश्वविद्यालय परिसर के भीतर नहीं जाने दिया गया। परीक्षा खत्म होने के बाद डिप्टी सीएम दूसरे गेट से निकल गए। खास बात ये है कि इस बार परीक्षार्थियों को डेटशीट से लेेकर रोल नंबर तक, सब कुछ गुप्त तरीके से बंद लिफाफे में ही भेजे गए हैं।
सीडीएलयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पीएचडी कोर्स में दाखिला लिया था। पीएचडी का छह महीने का कोर्स वर्क अब पूरा हो गया है। कोर्स वर्क की परीक्षा में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पहुंचे और परीक्षा दी। इस बार परीक्षा केंद्र विभाग स्तर पर बनाए गए हैं, जबकि इससे पहले हुई सामान्य परीक्षाओं में फैकल्टी अनुसार परीक्षा केंद्रों का गठन किया गया था।
वर्जन
पीएचडी की परीक्षाएं चल रही हैं। सामान्य तरीके से शांतिपूर्वक तरीके से परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। ये परीक्षाएं विभाग स्तर पर ली जा रही हैं, कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं है।
- प्रो. राजकुमार सलार, परीक्षा नियंत्रक, सीडीएलयू, सिरसा