सिरसा। सीआईए सिरसा टीम ने डबवाली सदर थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़ से अवैध रूप से शराब का खुर्दा चला रहे एक व्यक्ति को काबू किया और खुर्दा को हटा दिया। वहीं पुलिस ने शराब ठेकेदार को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने बताया कि उनकी एक टीम ने 108 बोतल देसी शराब का भंडारण बरामद कर अवैध खुर्दा चला रहे व्यक्ति रमेश निवासी रामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। वहीं शराब ठेकेदार दयाराम को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सदर डबवाली थाना में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है ।
वहीं एक अन्य मामले में कालांवाली पुलिस ने गश्त के दौरान अवैध खुर्दा चलाने वाले एक व्यक्ति को काबू कर 66 बोतल देसी शराब बरामद की है। सीआईए कालांवाली पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राम सिंह पुत्र प्रीतम चंद निवासी मंडी डबवाली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सीआईए कालांवाली की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान मंडी डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस पार्टी को महत्वपूर्ण सूचना मिली थी। उक्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस पार्टी ने मंडी डबवाली क्षेत्र से उक्त व्यक्ति को 66 बोतल शराब सहित काबू कर लिया।
सीआईए कालांवाली प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति के खिलाफ थाना शहर डबवाली में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी कार्रवाई हेतु थाना शहर डबवाली पुलिस के हवाले किया गया है।