घर में अवैध शराब के निकालने के लिए चलती भट्टी।
- फोटो : Sirsa
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए जहां लॉकडाउन लगा हुआ है इसके बावजूद भी नशे की तस्करी करने वाले लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं जिसके चलते आए दिन नशे की खेप पकड़ी जा रही है और नशेड़ियों को जेल में भेजा जा रहा है। रोचक बात तो यह है कि यदि लॉकडाउन न होता तो नशे का कारोबार कितना होता इस बात का अनुमान लगाया जाना मुश्किल है। थाना रानियां के अंतर्गत आने वाले गांव मोहर सिंह थेड़ी और बणी में पुलिस ने छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में नाजायज शराब और लाहन बरामद की है। इस बारे थाना प्रभारी साधु राम ने बताया कि थेड़ी मोहर सिंह में पांच अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई। जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब की चलती भट्टी और कच्चा लाहन बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान प्रवीण कुमार निवासी केलनिया से 15 बोतल नाजायज शराब, गुरदेव सिंह निवासी थेड़ी मोहर सिंह से 40 बोतल, ईश्वर सिंह के घर चलती भट्टी और सोनू निवासी बणी से 45 बोतल नाजायज शराब, राकेश निवासी बणी से 45 बोतल शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा कुल 145 बोतल नाजायज शराब और 200 लीटर लाहन बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर के आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।