पत्रकार वार्ता में जानकारी देते एसकेएम सदस्य।
सिरसा। किसान नेता एसपी मसीतां व हरियाणा किसान एकता से अध्यक्ष मनदीप सिंह ढिल्लो ने प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि बीजेपी-जेजेपी का जो भी नेता गांवों में आएगा, संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के आह्वान पर शांतिपूर्वक तरीके से किसानों द्वारा उनसे सवाल जवाब किए जाएंगे। अगर वो किसानों के सवालों के जवाब नहीं देते हैं तो उन्हें काले झंडे दिखाए जाएंगे।
डबवाली में जजपा के महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला से किसानों ने सवाल-जवाब ही किए थे, लेकिन जवाब देने के बजाय उल्टा उन्होंने सवाल पूछने वाले किसानों को नशेड़ी की संज्ञा दे डाली और इनेलो का षडयंत्र बताया। उन्होंने बताया कि पिछले चुनावों में जनता ने बीजेपी के खिलाफ वोट डालकर जजपा की झोली में 10 सीटें डाली, लेकिन सत्ता सुख को सर्वोपरि मानते हुए ये लोग बीजेपी की गोद में जा बैठे।
साढ़े चार साल सता सुख भोगने के बाद जब बीजेपी ने गठबंधन तोड़ा तो फिर से ये लोग जनता के बीच जाकर समर्थन की दुहाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं 2021 में जब किसान आंदोलन चला था, तब भी ये बजाय किसानों का समर्थन करने के अपने घरों में जाकर छिपकर बैठ गए। इतना ही नहीं, झूठा प्रचार किया कि वे किसानों के साथ हैं और आंदोलन में बढ़ चढ़कर सहयोग किया।