संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ऐलान किया है कि कांग्रेस सरकार बनने पर योग्यता व पेपर के आधार पर निष्पक्ष तरीके से 2 लाख पक्की भर्तियां की जाएंगी। कई विभागों में पद रिक्त हैं।
इसके अलावा बुजुर्गों को 6000 रुपए पेंशन, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन, 300 यूनिट फ्री बिजली, 500 रुपए में रसोई गैस सिलिंडर, महिलाओं को 2000 रुपए महीना सम्मान राशि और 25 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की योजना का लाभ भी जनता को दिया जाएगा। साथ ही किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाएगी और ओबीसी में क्रीमी लेयर की लिमिट 6 से बढ़ाकर 10 लाख की जाएगी ताकि पिछड़ा वर्ग के लोगों को आरक्षण का पूरा लाभ मिल सके।
कांग्रेस सरकार बनने पर बदमाशों और नशा तस्करों का पक्का इलाज किया जाएगा। प्रदेश की वर्तमान और भावी पीढ़ी को बर्बाद करने वाले बदमाशों और तस्करों को हरियाणा में नहीं रहने दिया जाएगा। हुड्डा रविवार को सिरसा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने पहुंचे थे। उन्होंने यहां 16 जनसभाएं कर जनता से कांग्रेस को जिताने की अपील की।
8 अक्तूबर से पहले प्रदेश छोड़ दें बदमाश और नशा तस्कर
हुड्डा ने कहा कि 8 अक्तूबर से पहले बदमाश और नशा तस्कर प्रदेश छोड़ दें क्योंकि बदमाश और तस्करों को संरक्षण देने वाली भाजपा सरकार जाने वाली है और प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस सरकार आने वाली है। भाजपा सरकार ने हर गांव-गली-मोहल्ले तक में नशा पहुंचा दिया है। क्योंकि ये सरकार 10 साल से युवाओं को नशेड़ी बनाने की नीति पर काम कर रही है। आज नशे की वजह से पंजाब से भी ज्यादा मौतें हरियाणा में हो रही हैं। लेकिन कांग्रेस सरकार नशे के इस काले साम्राज्य का खात्मा करेगी।
इनेलो भाजपा की बी टीम
हुड्डा ने सिरसा में देर शाम कहा कि बीजेपी के साथ इनेलो-हलोपा और जेजेपी का गठबंधन जगजाहिर हो चुका है। भाजपा ने हार के डर से कांग्रेस की वोट काटने के लिए इनेलो, हलोपा और जेजेपी जैसे दलों को चुनाव में उतारा है। वोट काटुओं को दिया गया हरेक वोट भाजपा को लाभ पहुंचाएगा। इनेलो ने भाजपा की बी टीम बनकर कांग्रेस को हरवाने के लिए समझौता व साजिशें रची हैं। सिरसा व डबवाली में इसका खुलासा खुद उनके नेताओं ने ही कर दिया है।
पूर्व सांसद गिल के बेटे गुरदीप सिंह गिल समेत कई आप व किसान नेता कांग्रेस में शामिल हुए
डबवाली में पूर्व सांसद सरदार आत्मा सिंह गिल के बेटे गुरदीप सिंह गिल ने हुड्डा के नेतृत्व में आज कांग्रेस ज्वाइन कर ली। इनके अलावा आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता पूनम गोदारा, अरुण गोयल एमसी, विनय गोयल, जसबीर भाटी, माथा गांव से बलवंत गोदारा समेत किसान यूनियन के सैकड़ों सदस्य, आम आदमी पार्टी से अभिषेक गोदारा, राहुल गोदारा, राजेंद्र सहारण, तनुज, विनय गोयल, जगपाल सिंह रिंकू, जितेंद्र कुमार, सुखजीत सिंह, सुरेंद्र आदि ने भी कांग्रेस ज्वाइन की। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पटका पहनाकर सभी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया और पूर्ण मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।