वीसी कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंची छात्राएं।
- फोटो : Sirsa
शुक्रवार को चौ. देवी लाल विश्वविद्यालय के छात्राओं ने हॉस्टल का समय बढ़ाने तथा वार्डन के खिलाफ वीसी कार्यालय के कर्मचारियों को ज्ञापन सौंपा। हालांकि छात्राएं वीसी कार्यालय में अधिकारियों का करीब दो घंटे तक इंतजार किया। लेकिन न तो वीसी के पीए होरीलाल आए और न ही ओएसडी राजकुमार सिवाच। इसके बाद छात्राओं ने वीसी कार्यालय के कर्मचारियों को ही हॉस्टल वार्डन के खिलाफ शिकायत पत्र सौंप दिया। इस मौके पर इनसो के राज्य उप प्रधान संजय बिश्नोई भी मौजूद रहे। छात्राओं ने बताया कि बीती रात सीडीएलयू के हर्बल पार्क में शहीद भगत सिंह की जयंती पर एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में जब हॉस्टल की छात्राएं वहां पर आईं तो वार्डन ने अभद्र टिप्पणी की और उनके चरित्र पर उंगली उठाई। छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल वार्डन की वीडियो उनके मोबाइल फोन में रिकार्ड है। छात्राओं ने मांग की कि महिला सुरक्षा को देखते हुए हॉस्टल वार्डन को बर्खास्त किया जाना चाहिए तथा उनके खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। छात्राओं ने कहा कि वे हॉस्टल वार्डन से अनुमति लेकर ही कार्यक्रम में आई थीं। विद्यार्थियों ने बताया कि कि उनकी कक्षाएं शाम साढ़े पांच बजे तक होती है, जिसको लेकर उनका हॉस्टल समय बढ़ाकर सात बजे किया जाना चाहिए। जिसके अनुसार वह अपने नियमित काम कर सकें। बतां दे कि सीडीएलयू में गुरुवार शाम को एसएफआई ने एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम को लेकर सीडीएलयू प्रशासन ने एसएफआई को अनुमति नहीं दी। जबकि एसएफआई ने एक सप्ताह पहले ही कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी। वीरवार को भी घंटो इंतजार करने के बाद जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने अनुमति नहीं दी तो एसएफआई विद्यार्थियों ने हर्बल पार्क में कार्यक्रम शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर आ गई। सीडीएलयू ने पार्क की लाइट भी बंद कर दी। ताकि कार्यक्रम न हो सके। लेकिन एसएफआई व स्टूडेंट्स ने मोबाइल की फ्लैश लाइट में कार्यक्रम का आयोजन किया।