संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। तेज रफ्तार व लापरवाही वाहन चालक व सवार लोगों के लिए काल बन रही है। बीते 10 दिनों में जिले में छह बड़े हादसे हो चुके हैं। इनमें सात लोग अपनी जान गवां चुके हैं। हालांकि पुलिस की ओर से यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा चालान भी काटे जा रहे हैं। बीते दस दिनों में पुलिस ने 200 से ज्यादा चालान काटे हैं। इनमें से 45 प्रतिशत ओवर स्पीड व सीट बेल्ट न लगाने के चालान किए गए हैं।
शनिवार रात को गांव मौजूखेड़ा के पास नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव मौजूखेड़ा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग रामजस दिहाड़ी करने के बाद अपने घर जा रहा था। इस दौरान वे रोड पार करने लगा तो हिसार से सिरसा की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में रामजस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार भी अनियंत्रित होकर मार्ग के साथ खड़े पत्थर के पिलर के साथ जा टकराई। कार में दो युवक सवार थे। जिन्हें काफी चोटें आई है। मामले की सूचना मिलने के बाद डिंग थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे पूर्ण सिंह के बयान दर्ज कर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
चार बार पलटकर खंभे से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला डॉक्टर की मौत
शुक्रवार की देर रात के समय शहर बेगू रोड पर स्थित पेपर मिल के पास तेज रफ्तार कार चार बार पलट कर खंभे से टकरा गई। हादसे में डेरे के अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर पायल की मौत हो गई, जबकि उसके पति विशाल घायल हो गए। इस मामले में परिजनों पर डॉक्टर के पति पर षड्यंत्र रचकर हत्या करने के आरोप लगाए है। पुलिस ने पायल की मां सुनीता की शिकायत के आधार पर मृतका के पति सहित ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया है। दोनों की शादी करीब सवा माह पहले ही हुई थी।
कैंटर की टक्कर से इनोवा में सवार तीन लोग हुए घायल
शुक्रवार को ही राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 9 पर गांव पंजुआना के निकट एक कैंटर ने इनोवा गाड़ी को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में इनोवा में सवार 5 लोगों में से 3 घायल हो गए। इनोवा सवार लोग दिल्ली एयरपोर्ट से पंजाब लौट रहे थे। इस संबंध में बडागुढ़ा पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घायल गांव कुंडल (पंजाब) निवासी राजविंदर सिंह कनाडा से लौटे अपने लड़का अर्शदीप सिंह, पुत्रवधू लवप्रीत कौर व पौत्री गुरसहज को दिल्ली से लेने गया था। वहां से वापस आते हुए गांव पंजुआना के निकट एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत
20 जनवरी को ऐलनाबाद के गांव धोलपालिया के पास तेज रफ्तार कार ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इससे युवक की मौत हो गई। मृतक अनिल कुमार पुत्र जीत राम निवासी मेहरवाला खुर्द (राजस्थान) अपने मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव धोलपालिया की तरफ जा रहा था कि अंजनी फिलिंग स्टेशन के पास पीछे से आई एक कार ने उसको टक्कर मार दी।
रोडवेज बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत
11 जनवरी को सुबह शहर के बेगू रोड स्थित गोल डिग्गी चौक के पर बाइक सवार युवक को रोडवेज बस नेचपेट में ले लिया। युवक के सिर के ऊपर से रोडवेज बस का टायर निकल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अली मोहम्मद निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
गांव वैदवाला के पास सड़क हादसे में गई तीन की जान
डबवाली हिसार बाईपास पर स्थित वैदवाला के पास 10 जनवरी को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रोड के दूसरी तरफ जा पहुंची और सेना के ट्रक के नीचे आकर फंस गई। हादसे में कार में सवार मां बेटा और एक अन्य युवक की मौत हो गई। चालक ओवर स्पीड से कार को चला रहा था, जिससे कार अनियंत्रित हो गई।
लोग ओवर स्पीड और लापरवाही से वाहनों को दौड़ा रहे हैं। इसके कारण हादसों की संख्या बढ़ रही है। वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ ओवर स्पीड वाहनों के चालान भी किए जा रहे हैं। दस दिनों में पुलिस ने 200 से ज्यादा वाहनों चालान काटे हैं। इनमें से 45 प्रतिशत ओवर स्पीड व सीट बेल्ट न लगवाने के चालान किए गए हैं। - इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, यातायात थाना प्रभारी, सिरसा।