संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सरकार की ओर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद बंद कर दी गई है। सोमवार को अंतिम दिन जिले की एमएसपी पर 60 हजार क्विंटल गेहूं खरीदा गया। जिले में अब तक एक लाख 22 हजार 69 किसानों से 80 लाख 34 हजार 636 क्विंटल गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है।
सरकार की ओर से 15 मई तक ही गेहूं की सरकारी खरीद किए जाने को लेकर निर्णय लिया गया था। सोमवार को सरकारी खरीद का अंतिम दिन रहा। जिले के कुछ किसान ही गेहूं लेकर मंडी में पहुंचते हुए नजर आए। जो किसान मंडियों में गेहूं लेकर पहुंचे उन किसानों की गेहूं का साफ करने के पश्चात साथ ही बोरियों में भी भर दिया गया है। मंडियों में अभी सात लाख 12 हजार आठ क्विंटल का उठान होना शेष है। गेहूं की खरीद बंद होने के बाद अब व्यापारियों की ओर से खरीद प्रक्रिया जारी रखी जाएगी। व्यापारी दो हजार और इससे कम दाम पर गेहूं खरीद रहे हैं।
मंडियों में अब तक हुई गेहूं की खरीद
कुल खरीद, 8034636
उठान, 7262628
सरकारी खरीद, 7901287
प्राइवेट खरीद, 70229
मंडियों के शेड के नीचे ओर बाहर पड़ा है आठ लाख क्विंटल गेहूं
मंडियों में खरीद प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मंडियों के शेड के नीचे और बाहर खुले में करीब आठ लाख क्विंटल गेहूं का उठान होना शेष पड़ा है। मौसम विभाग ने अब तीन दिन तक बारिश होने की संभावना जताई है। जिले में अब तक 72 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं के उठान का काम पूरा हो चुका है।
वर्जन
जिले में सोमवार को गेहूं की एमएसपी पर खरीद प्रक्रिया जारी रखी गई है। इसके बाद अभी तक गेहूं की खरीद का समय बढ़ाने को लेकर मुख्यालय की ओर से कोई भी आदेश जारी नहीं हुए हैं। -विरेंद्र मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी सिरसा ।