संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां (सिरसा)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने मंगलवार को ओटू हेड, फिरोजाबाद, झोरड़नाली, बुढाभाना, खैरेकां, सहारणी सहित अन्य गावों में बाढ़ प्रभावितों से बातचीत की। कुमारी सैलजा ने ओटू हेड पर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों से जलस्तर पर विस्तार से चर्चा की।
सैलजा ने कहा कि प्रदेशभर में बारिश व घग्घर नदी में बढ़े जलस्तर से लाखों एकड़ भूमि में खड़ी धान, हराचारा, सब्जी व अन्य फसल तगाब हो गई है। सरकार ने बाढ़ से निपटने में उचित प्रबंध करने के बजाय लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी से भागने की अपेक्षा उचित प्रबंध करने चाहिए।
सैलजा ने कहा कि वह प्रदेश के उत्तरी छोर से चलकर सिरसा तक पहुंची है। हर जगह प्रबंधों में कमी नजर आई। नदी के तटबंधों के किनारे ग्रामीण खुद मिट्टी डालकर रखवाली करने में लगे हुए हैं। जगह-जगह मनरेगा महिला मजदूर थैले मिट्टी से भरने में सहयोग करती नजर आईं। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि मनरेगा मजदूर महिलाओं ने मुलाकात में बताया कि पहले महंगाई ने मार रखा है अब सरकार की नाकामी से बाढ़ का पानी मार रहा है। फसलें तो तबाह हो गईं अब कहीं उनके कच्चे पक्के आशियाने न ढह जाएं। इस दौरान पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान दौलत पुरिया, रणधीर धीरा , हरपाल बुरा, भूपेंद्र गंगवा, मंगतराम लालवास मौजूद रहे।