सिरसा। प्रेम विवाह करके अपने घर लौटे युवक पर लड़की के परिजनों ने हमला कर दिया। हमले में युवक व उसके घरवाले बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद हमलावर प्रेम विवाह करने वाली अपनी बेटी का अपहरण करके ले गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक राजेश कुमार का बयान दर्ज करके 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजेश कुमार निवासी गांव बाजेकां ने बताया कि वह प्लंबर का करता है। 6 अप्रैल 2023 को उसने ढाणी खोखर, रतिया निवासी युवती के साथ प्रेम विवाह किया था। उसके बाद वे दोनों करीब 15 दिन सेफ हाउस सिरसा में रहे थे। इसके बाद 26 अप्रैल को मजिस्ट्रेट के सामने बयान हुए थे। युवती के माता-पिता ने उससे पूछा कि वह उनके साथ जाना चाहती है या राजेश के साथ। जिस पर युवती ने कहा कि वह राजेश के साथ जाएगी। उसके बाद युवती के माता-पिता ने कहा कि वे राजी हैं। युवती जहां जाना चाहे जा सकती है। उसके बाद वह दोनों घर गांव बाजेकां में आ गए।
गांव में हुई थी पंचायत
इसके बाद गांव में पंचायत हुई। जिसमें युवती ने अपने परिवार के साथ जाने से मना कर दिया। 26 अप्रैल को सुबह करीब सात बजे निका सिहं, काला सिहं निवासी बीराबदी, हरविंद्र उर्फ हैरी इंद्रजीत, मनप्रीत, श्याम सिंह, राम सिंह, अमरजीत कौर निवासी ढाणी खोखर रतिया, संदीप, कर्ण निवासी रतिया व इनके साथ 4-5 अन्य लोग घर में घुस गए। इन्होंने रॉड, कापे, डंडों व तलवार से हमला कर दिया। वहीं राजेश ने बताया कि सबसे पहले नीका ने उसके सिर पर रॉड मारी और उसके बाद हरविंद्र ने उसके बाएं पैर पर रॉड मारी। जिससे वह गिर गया और बेहोश हो गया। जब उसके पिता दर्शन लाल उसे छुड़ाने लगा तो इन सभी ने उसके पिता को भी चोटें मारीं। इसके बाद उक्त सभी ने उसकी पत्नी को जबरन उठाकर अपनी गाड़ी में डाल लिया और उसका मोबाइल फोन भी साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायल राजेश का बयान दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- बनवारी लाल, सदर थाना प्रभारी।