सिरसा। 8 से 10 सितंबर तक सिरसा रोडवेज डिपो की 15 बस दिल्ली मेंं एंट्री नहीं करेगी। सिरसा से रोडवेज की बसों मेंं दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बहादुरगढ़ तक ले जाया जाएगा। इसके बाद बस यहीं से वापस लौट आएगी। इसका कारण यह है कि दिल्ली में जी-20 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जो कि 9 और 10 सितंबर को होगा। वहीं सिरसा से दिल्ली तक चलने वाली पांच ट्रेनें भी रद्द रहेगी। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसको लेकर केंद्र सरकार ने 8 से लेकर 10 सितंबर तक रोडवेज बसों की दिल्ली में एंट्री बंद कर दी है। वहीं निजी वाहनों की एंट्री को अभी से बैन कर दिया है। इसको लेकर दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को होगी, जो अपने काम के सिलसिले में दिल्ली प्रतिदिन आवागमन करते हैं। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर रोडवेज डिपो ने भी फैसला ले लिया है कि 8 से 10 सितंबर तक दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों को बहादुरगढ़ तक ही भेजें, जिससे यात्री बहादुरगढ़ से आगे मेट्रो या दिल्ली बसों का सहारा लेकर चले जाएं। बता दे कि सिरसा से दिल्ली के लिए हर रोज 15 बसों का संचालन होता है।
सिरसा से दिल्ली तक जाने वाली ट्रेनें भी रहेंगी रद्द, यात्रियों को उठाना होगा नुकसान
वहीं सिरसा से दिल्ली के लिए जाने किसान एक्सप्रेस, मेरठ गंगानगर, गंगानगर दिल्ली, बठिंडा- दिल्ली, गोरखधाम एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें रद्द रहेंगी। जिसके कारण यात्रियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ेगा। यह ट्रेनें आठ, नौ व 10 को रद्द रहेंगी।
जी 20 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर 8 से 10 सितंबर तक रोडवेज बसों की दिल्ली में एंट्री नहीं होगी। इसको लेकर दिल्ली जाने वाली बसों को बहादुरगढ़ तक ही भेजा जाएगा। वहां से ही बसोंं की सिरसा के लिए वापसी होगी।
-शेर सिंह, जीएम सिरसा डिपो।