संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। जिले के गांव सावंतखेड़ा के पास चार युवकों ने एक कार चालक को लूट लिया। उक्त युवक बठिंडा से टैक्सी करके लाए थे और ड्राइवर से कहा था कि सिरसा अस्पताल जाना है। युवकों ने उल्टी का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई और ड्राइवर के आंख पर पट्टी बांध दी और कार लूट फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बठिंडा के परशुराम नगर निवासी जगतार सिंह ने बताया कि वह टैक्सी चलाता है। उसके पास वीरवार रात्रि किसी अशोक कुमार का फोन आया और कहा कि चार युवकों को बठिंडा रेलवे स्टेशन से सिरसा सिविल अस्पताल जाना है। 2200 रुपये किराया निर्धारित हुआ। पीड़ित ने बताया कि वह उक्त युवकों को लेेकर सिरसा के लिए निकल पड़ा। आरोप है कि रास्ते में गांव सावंतखेड़ा के पास उल्टी के बहाने से कार रुकवा ली। इसके बाद उक्त युवकों ने उसकी आंख पर पट्टी बांध दी। इसके बाद डबवाली शहर में लाकर बीच रास्ते उतार दिया और गाड़ी को भगा ले गए। इतना ही नहीं उक्त युवक उसके मोबाइल का सिम भी ले गए। जांच अधिकारी एसआई विकास ने बताया कि पीड़ित जगतार सिंह की शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने धारा 392, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 मार्च को भी हो चुकी है लूट की वारदात
विगत छह मार्च की रात्रि भी कार सवार अज्ञात चार युवकों ने एक अन्य कार पर सवार दो भाइयों के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। सदर थाना सहित सीआईए और साइबर सेल की टीम जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं।