सोनीपत जिले के गन्नौर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 27 से 30 जनवरी तक आयोजित की गई 5वीं पुरुषों की बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिरसा के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता बारे जानकारी देते हुए कोच राहुल शर्मा ने बताया कि इस चैंपियनशिप में सिरसा से 7 मुक्केबाजों ने अलग-अलग भार वर्ग में हिस्सा लिया था, जिसमें 60 किलोग्राम में विशाल ने सिल्वर मेडल, 63 किलोग्राम में मनदीप ने कांस्य पदक, 48 किलोग्राम में निशू ने कांस्य पदक व 57 किलोग्राम में अमनदीप ने भी कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसके अलावा अमन, गौतम, जयकिशन ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया और अच्छा प्रदर्शन किया। कोच राहुल शर्मा ने बताया कि पदक विजेता सभी बॉक्सर बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ही कोचिंग ले रहे हैं। पदक विजेता खिलाड़ियों का सिरसा पहुंचने पर मुंह मीठा करवाकर अभिनंदन किया गया। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य भवनेश मेहता, इंद्रजीत लूथरा गुरदेव विर्क व ईश्वर रजलीवाल ने युवा बॉक्सरों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकानाएं दी। गौरतलब है कि कोच राहुल शर्मा हिसार रोड स्थित डीपीएस स्कूल में बतौर फिजिकल एजुकेशन लेक्चरार कार्यरत हैं।