एक सप्ताह की राहत के बाद पुन: डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। शुक्रवार को सिरसा शहर में दो सहित जिले में कुल पांच डेंगू के नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए नगर परिषद के माध्यम से शहर में दूसरी बार फॉगिंग करवाने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब तक कुल 139 मरीज डेंगू के मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 133 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
शहर की विष्णुपुरी में एक, हरी विष्णु कॉलोनी में दो, रानियां, ऐलनाबाद में एक- एक डेंगू का मरीज मिला। डेंगू पॉजिटिव मिलने वाले मरीजों के घर पास स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फॉगिंग करवाने के बाद उनके परिजनों के स्वास्थ्य की भी जांच की। जिसमें संदिग्ध मिलने वाले लोगों के सैंपल लिए गए। हालांकि नागरिक अस्पताल में अभी कोई भी मरीज एडमिट नहीं है।
जबकि जिले के अलग-अलग निजी अस्पतालों में छह डेंगू के मरीज इलाज करवा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लोगों को मच्छरों से बचाव करने के लिए भी जागरूक कर रहा है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। जिले में अभी तक डेंगू के कारण किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
जिले में अब तक मिल चुके हैं 139 डेंगू के मामले
बारिश के बाद अब जिले में मच्छरों की संख्या पहले से बढ़ रही है। जिसके कारण लगातार स्थिति खराब हो रही है। स्वास्थ्य विभाग सप्ताह में एक दिन लोगों को ड्राई डे मनाने को लेकर भी जागरूक कर रहा है। घरों में रखे कूलर, गमले, छतों के पुराने बर्तन, टायर सहित अन्य स्थानों पर जमा होने वाले पानी को साफ करने की अपील कर रहे है ताकि मच्छरों का लारवा न पनप सके।
जिले में डेंगू के पांच नए मामले मिले हैं। इनमें से तीन मरीज शहरी क्षेत्र के हैं। लोग अब मच्छरों से खुद का बचाव करें और रात के समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करें। जिले में अभी छह मरीज ही सक्रिय है। शहर में लगातार फॉगिंग करवाने का अभियान चलाया जा रहा है।
-डॉ. गौरव कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी, सिरसा।