सिरसा/कालांवाली/ऐलनाबाद। पिछले चार दिन से खराब चल रहे मौसम से किसानों पर चिंता के बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार को सिरसा में पांच, कालांवाली व ओढां में 10 और ऐलनाबाद में सात एमएम बारिश हुई। इससे खेतों पर पककर तैयार खड़ी फसल प्रभावित हो रही है।फिलहाल फसलों में नुकसान नहीं है, लेकिन मौसम विभाग की भविष्य वाणी से किसानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है।
शहर में सोमवार सुबह आठ बजे ही काले बादल छाए। इसके बाद गर्जन के साथ बारिश हुई। करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सिरसा में पांच एमएम बारिश होने के बाद कई क्षेत्रों में कीचड़ की स्थिति बन गई। आईएमडी के अनुसार मंगलवार व बुधवार को भी जिले में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है। ऐलनाबाद क्षेत्र के किसान कुलदीप मुदलिया चमकौर सिंह, बलविंदर सिंह, रामकुमार, रमेश कुमार ने बताया कि कई गांवों में अधिक बारिश है तो कई गांवों में बूंदाबांदी हुई है। इससे सरसों व गेहूं की फसल पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ा। अगर बारिश के साथ तेज हवा चलती है तो फसल को नुकसान हो सकता है। कालांवाली क्षेत्र में 10 एमएम बारिश और तेज हवा चलने से गेहूं की फसल खेतों में बिछी गई है। किसान कुलदीप सिंह, प्रगट सिंह, रेशम सिंह चमकौर सिंह, बलविंदर सिंह, तरसेम कुमार ने बताया कि कालांवाली क्षेत्र के कई गांवों में अधिक बारिश होने से सरसों की कटाई का काम प्रभावित हुआ है। ओढां ब्लॉक तकनीकी कृषि अधिकारी पवन कुमार ने बताया की ओढ़ा ब्लॉक के गावों में 10 एमएम बारिश हुई है।
मौसम खराब होने के कारण मंडी में कम हुई सरसों की आवक
बारिश के कारण अनाज मंडी में सरसों की आवक पहले के मुकाबले कम हो गई है। सिरसा मंडी में पहले हर रोज 1500 क्विंटल के करीब सरसों की आवक होती थी, लेकिन सोमवार को 700 क्विंटल आवक हुई। बारिश होने की संभावना के चलते पहले ही किसानों ने सरसों को शेड के नीचे उतारा है। हालांकि नमी अधिक होने के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बोले सचिव
मंडी में सरसों की आवक हो रही है। अब नाम मात्र ही सरसों पहुंच रही है। मंडी के शेड के नीचे ही सरसों को उतारा जा रहा है। मौसम खराब होने के कारण मंडी में सरसों की आवक भी पहले से कम हो रही है। -वीरेंद्र मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी सिरसा।
बोले अधिकारी
ऐलनाबाद ब्लॉक में करीब 5 एमएम से 10 एमएम तक बारिश हुई है। गांव मल्लेका, मिठनपुरा, कर्मशाला में अधिक बारिश हुई है। इस बारिश से फसलों के नुकसान की संभावना नहीं है। क्षेत्र में सरसों की लगभग 50 प्रतिशत कटाई हो चुकी है। काटी जा चुकी सरसों अभी तक खेतों में पड़ी है लेकिन धूप निकलने से किसानों ने राहत की सांस ली है।
रामचंद्र, ब्लॉक तकनीकी कृषि अधिकारी।