ओढां। पुलिस के बार-बार जागरूक करने के बावजूद भी लोग साइबर ठगों के झांसे में आ रहे है। साइबर ठग दूर-दराज बैठकर लोगों के खाते साफ कर रहे है। लेकिन पुलिस सिवाय मुकदमा दर्ज करने के और कुछ नहीं कर पा रही। गांव मिठड़ी में एक व्यक्ति साइबर ठग्गी का शिकार हो गया। ठग ने उक्त व्यक्ति के खाते से 87 हजार रुपये की राशि उड़ा ली। पीड़ित हरजिंदर सिंह ने बताया कि उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया और कहा कि वह आपके गांव के सरपंच का परिचित बोल रहा है। उसने सरपंच के खाते में पैसे डालने है। सरपंच के पास गूगल पे नहीं चल रहा। इसलिए सरपंच ने उसे आपका नंबर दिया है। वह आपके खाते मेें पैसे डाल रहा है। यह कहकर ठग ने हरजिंदर के खाते में गूगल पे के जरिये पहले एक रुपया डाला। जिसके बाद ठग ने पूछा कि क्या उसके खाते में एक रुपया आ गया। जिसके बाद ठग ने कहा कि वह उसके खाते में 50 हजार रुपये की राशि डाल रहा है, लेकिन वह डाली नहीं जा रही। इसलिए वह उसे एक मैसेज भेज रहा है। मैसेज आते ही उसने रिसीव करने के लिए कहा। हरजिंदर ने जैसे ही मैसेज को ओपन किया तो उसके खाते से 87 हजार रुपये की नकदी निकलने का मैसेज आया। जब हरजिंदर सिंह को ठगी का पता चला तब ठग उसे चूना लगा चुका था। हरजिंदर ने जब दोबारा संपर्क किया तो ठग का फोन बंद आया।