डबवाली। सांसद सुनीता दुग्गल ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गांव मौजगढ, मटदादू, कालूआना में जनसंवाद कार्यक्रम किए। सांसद सुनीता दुग्गल के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान धरनारत किसान शुक्रवार को गांव मसीतां में सांसद सुनीता दुग्गल से मिले और उनके समक्ष गुलाबी सुंडी से खराब हुए नरमे, नई अनाज मंडी के कंडम शेड तथा 2020 के बकाया फसल मुआवजा देने का मुद्दा रखा।
विज्ञापन
एसपी सिंह मसीतां ने कहा कि गुलाबी सुंडी की वजह से नरमे की फसल लगभग चौपट हो चुकी है बार-बार कीटनाशकों का छिड़काव करने पर भी गुलाबी सुंडी पर नियंत्रण नहीं किया जा सका। उनकी मांग है कि सरकार जल्द स्पेशल गिरदावरी करवाकर किसानों को 50000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा जारी करे। वहीं नई अनाज मंडी के कंडम घोषित किए शेड का मुद्दा भी सांसद के सामने रखा। 2020 के फसल मुआवजे की जब बात की गई तो उन्होंने माना कि डबवाली का 42 करोड़ रुपये एसडीएम डबवाली के न होने की वजह से लैप्स हो गया था।
सांसद ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में आया है। वह जल्द ही उच्चाधिकारियों से संपर्क करके मुआवजा राशि जारी करवाने का प्रयास करेंगी। वहीं एसपी सिंह मसीतां ने संयुक्त किसान मोर्चा वाली के बैनर तले डबवाली तहसील परिसर के बाहर चल रहे धरने की बात भी सांसद सुनीता दुग्गल के समक्ष रखी। एसडीएम डबवाली किसानों के साथ लगातार दुर्व्यवहार कर रहे हैं। उनकी मांग है कि यहां से उनका तबादला करवाया जाए। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ कुलभूषण बंसल, एसडीएम डबवाली अभय सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
ऑन लाइन सेवाओं से भाई-भतीजावाद खत्म हुआ
सांसद ने कहा कि कहा कि सरकार ने विभिन्न सेवाओं को ऑनलाइन कर सरकारी सिस्टम से भाई-भतीजावाद को दूर करने का काम किया है। अब किसी व्यक्ति को सरकारी कार्यालय में काम करवाने के लिए बिचौलियों की आवश्यकता नहीं है। सांसद ने कहा कि सरकार जन सेवा के उद्देश्य से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कर्तव्यबद्ध हैं। गांवो के सरपंचों द्वारा विकास के लिए जो भी मांगी रखी गई है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार पहचान पत्र के संबंध में अगर किसी को कोई परेशानी है तो इसके लिए गांव में कैंप आयोजित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सांसद दुग्गल ने ग्रामीणों से केंद्र-प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया।