सिरसा। गेहूं पर 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने, टोल प्लाजा से 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले वाहनों को फ्री करने की मांग को लेकर किसान ने शनिवार सुबह 10 बजे से टोल को पर्ची मुक्त कर दिया। किसानों ने टोल पर लगे स्कैनरों पर लिफाफे और कपड़ा बांध दिया। तीन घंटे तक टोल पर्ची मुक्त किए जाने के कारण भावदीन टोल प्लाजा को करीब दो लाख और खुईयां मलकाना टोल प्लाजा को 80 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। अधिकारियों को मांग पत्र सौंप किसान दोपहर एक बजे टोल से हट गए और वाहनों की आवाजाही पर टोल टैक्स लगने की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
शनिवार को गुरनाम सिंह चढ़ूनी के आह्वान पर भावदीन और खुईयां मलकाना टोल के आसपास के सुबह नौ बजे ही एकत्र होना शुरू हो गए। किसानों ने टोल प्लाजा पर पहले बैठक की ओर 10 बजते ही सभी केबिनों के कंप्यूटर और स्कैनरों को बंद करवा दिया। किसी किसान ने स्कैनरों पर लिफाफा और कपड़ा बांध दिया। वहीं मौके पर तैनात पुलिस बल ने किसानों को शांत करवाया और शांतिपूर्वक ढंग से रोष प्रकट करने की अपील की। किसानों ने दोपहर 12 बजे अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा और दोपहर एक बजे के बाद वहां से वापस चले गए। इस मौके पर डीएसपी धर्मवीर, डिंग थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। इस दौरान चढ़ूनी ग्रुप के जिला प्रधान सिकंदर सिंह रोड, भूपेंद्र सिंह वैदवाला, मलकीत सिंह व हरविंद्र थिंद सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
ये है किसानों की मुख्य मांग
किसान नेता हरविंद्र सिंह थिंद ने कहा कि किसानों की इस बार गेहूं की पैदावार बेहद कम है। जबकि इसका सरकारी भाव भी कम दिया जा रहा है। गेहूं का भाव 500 रुपये बढ़ाया जाए। हरियाणा के टोलों पर हरियाणा के ही कर्मचारी रखे जाए, बिना फास्टैग के वाहनों से भी सामान्य टोल काटा जाए। टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों के वाहनों को टोल फ्री किया जाए।
भावदीन टोल पर दो लाख और खुईयां मलकाना टोल पर 80 हजार का नुकसान
किसानों की ओर से सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक तीन घंटे टोल को पर्ची मुक्त किया गया है। इस दौरान वाहन चालकों को तो राहत मिली लेकिन कंपनियों को इसका नुकसान उठाना पड़ा। तीन घंटे तक टोल फ्री होने के कारण भावदीन टोल को करीब दो लाख और खुईयां मलकाना टोल को करीब 80 हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
किसानों की ओर से तीन घंटे टोल को पर्ची मुक्त किया गया है। जिसके चलते उन्हें दो से ढाई का लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। तीन घंटे तक स्थिति सामान्य रही। वाहनों से बिना टैक्स लिए उन्हें निकाला गया है।
-गांधी, मैनेजर, भावदीन टोल प्लाजा, सिरसा
टोल प्लाजा पर बैठे महिला पुलिस कर्मी। - फोटो : Sirsa
भावदीन टोल प्लाजा पर किसानों को समझाते पुलिस अधिकारी। - फोटो : Sirsa
भावदीन टोल प्लाजा पर अधिकारी को मांग पत्र सौंपते किसान- फोटो : Sirsa