सिरसा। नरमे का उचित भाव न मिलने से रोषित किसानों ने मंगलवार को सुबह करीब पौने 12 बजे फायर स्टेशन के पास डबवाली रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। 20 मिनट तक किसानों ने धरना जारी रखा। इसके बाद अधिकारी और पुलिस के समझाने पर किसान मान गए और जाम खोल दिया।
कपास मंडी में किसान ट्रैक्टर-ट्राॅलियां में नरमे की फसल भरकर बेचने के लिए लेकर आए। बोली के दौरान फसल की कम कीमत के चलते किसानों ने बेचने से मना कर दिया। इसके बाद किसानों ने विरोध जताते हुए डबवाली रोड पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना है कि मिल मालिक अपनी मनमर्जी से भाव तय कर रहे हैं। मंगलवार को नरमे का भाव 5400 रुपये तय किया गया, जोकि बहुत ही काम है। किसानों का कहना है कि आदमपुर मंडी में नरमे का भाव 7000 के पार है। मिल मालिक सोचते हैं कि किसान मजबूर होकर कम दाम में नरमे की फसल बेचकर चला जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं है। किसानों का कहना है कि जब तक उन्हें नरमे का उचित भाव नहीं मिलता तब तक किसान रोड जाम नहीं खोलेंगे। किसान मंगल सिंह का कहना है कि एक किलो नरमे पर 50 रुपये का खर्चा किसान को आता है। ऐसे में किसानों को उसकी फसल का पूरा दम मिलना चाहिए। सरकार भी इस और कोई ध्यान नहीं दे रही है। मिल मालिक हमेशा ही कम भाव लगाकर किसानों का शोषण करते हैं।प्रदर्शन के दौरान किसान विनोद कुमार गांव नेजियाखेड़ा, बगड़ाबत कड़वासरा नेजियाखेड़ा, रामप्रताप माधोसिंघाना व राजेंद्र कुमार व हंसराज नुहियांवाली से मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि सरकार ने देर शाम तक भी नरमे की सरकारी खरीद नहीं की।