सिरसा। संयुक्त किसान मोर्चा ने 14 मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित किसान मजदूर महापंचायत से पहले पुलिस के एक्शन पर कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई है। संयुक्त किसान मोर्चा के नेता हमजिंदर ने बताया कि 14 मार्च की महापंचायत में हिस्सा लेने के लिए देश भर से हजारों किसान दिल्ली के रामलीला मैदान मैदान पहुंचेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के विभिन्न घटक अपने अपने तरीके से महापंचायत की तैयारियों में लगे हुए हैं।
पगड़ी संभाल जट्टा के कार्यकर्ता 8 मार्च को हिसार के क्रांतिमान पार्क से दिल्ली तक पैदल जाना चाहते थे। जिनको रोकने के लिए हरियाणा सरकार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करके उनको डराने-धमकाने का काम कर रही है। किसान नेताओं के घर पुलिस दबिश दे रही है और फोन करके धमकाने का काम किया जा रहा है।
संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि लोकतंत्र में सबको शांतिपूर्ण आंदोलन करने का अधिकार है। किसान बिना ट्रैक्टरों के शांतिपूर्वक तरीके से पैदल चलकर दिल्ली जाना चाह रहे हैं, इसके बावजूद सरकार उनको गलत तरीके से रोकने पर लगी हुई है। सरकार जानबूझकर किसानों को उकसाने का काम कर रही है और टकराव पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हम सरकार से मांग करते है कि सरकार ऐसी हरकत न करें, ऐसे अलोकतांत्रिक कदमों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाए व हिरासत में लिए गए किसानों को तुरंत रिहा करे।