संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जल्द ही चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाएगा। इसके लिए सीडीएलयू में सेंटर स्थापित किया जाएगा। कार्यकारी परिषद की बैठक में सेंटर स्थापित करने को लेकर भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में मंगलवार को कार्यकारी परिषद की बैठक हुई। वीसी प्रो. अजमेर सिंह मलिक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक मे विभिन्न मुद्दों पर मंथन के बाद फैसले लिए गए। विद्यार्थी हित के साथ-साथ प्राध्यापकों की भर्ती के लिए भी एजेंडा पर चर्चा हुई। जहां एक ओर पांच नए विभाग खोले जाने के फैसले पर मुहर लगी वहीं दूसरी ओर पीएचडी दाखिला को लेकर भी अब प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। पीएचडी ऑर्डिनेंस को मंजूरी दे दी गई।
सीडीएलयू में नये शिक्षा सत्र से पांच नए विभाग शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत तैयार किए गए प्रस्ताव को कार्यकारी परिषद के सदस्यों ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही सीडीएलयू में राजनीतिक विज्ञान, साइकोलोजी, माइक्रो बायोलॉजी, लाइब्रेरियन एंड इन्फॉर्मेशन तथा फार्मेसी विभाग खलेंगे। ऐसे में विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों की पढ़ाई करने के लिए शहर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
15 दिनों के भीतर शुरू होगी पीएचडी में दाखिला प्रक्रिया
सीडीएलयू में तैयार किए गए पीएचडी ऑर्डिनेंस को भी मंजूरी मिल गई है। अब उम्मीद है कि 15 दिन के भीतर दाखिला प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पीएचडी में दाखिला को लेकर जल्द ही विज्ञापन भी जारी किया जाएगा। इसके साथ ही एक फैसला और लिया गया है। हाल ही में भर्ती किए गए नए प्राध्यापक भी अब पीएचडी करवा सकेंगे। इससे लाभ ये होगा कि सीडीएलयू में शोध कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।
सीडीएलयू ने मांगे प्राध्यापकों के नए पद, लेकिन उच्चाधिकारियों का इंकार
सीडीएलयू ने एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत सरकार से मांग की गई है कि सीडीएलयू में 50 नए प्राध्यापकों और 35 गैर शिक्षक कर्मचारियों के पद सृजित किए जाएं। सूत्र बताते हैं कि इस एजेंडा पर चर्चा हुई तो बैठक में शामिल फाइनेंस विभाग के उच्चाधिकारी ने स्पष्ट इंकार कर दिया। सूत्रों की मानें तो उक्त अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि एसएफएस के तहत पद भरें। इसके बावजूद सीडीएलयू की ओर से कहा गया कि प्रस्ताव भेजा जा रहा है, सरकार जो भी फैसला लेगी, वह स्वीकार्य होगा और उसके अनुसार ही आगे काम करेंगे। फिलहाल नए पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया और इसे कार्यकारी परिषद के सदस्यों मंजूरी भी दे दी। इसके अलावा सीडीएलयू में नियमित परीक्षा नियंत्रक की भी भर्ती की जानी है। अब सीडीएलयू ने परीक्षा नियंत्रक के लिए योग्यताएं निर्धारित कर दी हैं।
सीडीएलयू की कार्यकारी परिषद की बैठक हुई है। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मंथन और चर्चा के बाद मुहर लगी है। पीएचडी ऑर्डिनेंस को मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा नई शिक्षा नीति के तहत सीडीएलयू ने काम करने का फैसला किया है। शोध को बढ़ावा देने के लिए भी सीड मनी का प्रावधान किया गया है। पांच नए विभाग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सेंटर स्थापित किया जाएगा। नए पद भी सृजित करने के लिए प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
- डॉ. राजेश बांसल, रजिस्ट्रार, सीडीएलयू, सिरसा।