संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। कांग्रेस पार्टी के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के रानियां विधानसभा प्रभारी व डबवाली से विधायक अमित सिहाग ने सिरसा रोड स्थित किसान रेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान का एक पोस्टर लाॅन्च किया गया।
विधायक अमित सिहाग ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि जमीनी स्तर पर और अधिक मेहनत करने और कांग्रेस की नीतियों का घर-घर तक प्रचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है। इस माहौल को पार्टी की जीत में बदलना है। सभी कार्यकर्ता संगठित होकर विपक्ष से लड़ाई लड़े।
उन्होंने कहा कि सिरसा जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में रानियां हलका कांग्रेस पार्टी का मजबूत हलका है। इस हलके में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करनी है। लोकसभा चुनाव इसका ट्रायल होगा। प्रदेश में कांग्रेस लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीत का परचम लहराएगी।
सह प्रभारी बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। आज प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ गई है। अगर हमने इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर नहीं किया तो इसका नुकसान हमारी आने वाली पीढि़यों को भुगतना पड़ेगा। देश से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।
पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी ने कहा कि भाजपा की तानाशाही सरकार लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती है। भारत रत्न डाॅ. भीमराव अंबेडकर के बनाए गए संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि आज किसान अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए आंदोलनरत है। यह सरकार किसानों का रास्ता रोक रही है।
हरियाणा कांग्रेस ओबीसी सेल के चेयरमैन विशाल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। रानियां विधानसभा के सभी कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के राज से हर वर्ग दुखी है। किसान, कमेरा, गरीब, मजदूर हर वर्ग अपने हितों की लड़ाई लड़ रहा है। प्रदेश की जनता 10 वर्ष पूर्व भूपेंद्र हुड्डा के राज को याद कर रही है। इस बैठक में एआईसीसी के सिरसा जिला प्रभारी शशीकांत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप नेहरा, डाॅ. वाईके चौधरी, हरजवंत सिंह, लखा सिंह किलेवाला, राजेश चाडीवाल, आरसी लिंबा, सरपंच गुरभेज सिंह आदि उपस्थित थे।